
दतिया/ग्वालियर। दतिया जिले में विंध्याचल पर्वत श्रृंखला पर स्थित प्रसिद्ध रतनगढ़ माता मंदिर पर शुरू हुए लख्खी मेले में पहले दिन 16 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। दीपावली के बाद भाईदूज के पावन अवसर पर लगने वाले इस ऐतिहासिक मेले को सर्पदंश से पीड़ित लोगों की आस्था का एक बड़ा केंद्र माना जाता है। मान्यता है कि अगर किसी व्यक्ति को जहरीला सांप काट ले और माता रतनगढ़ या कुंवर बाबा के नाम का धागा बांध दिया जाए, तो जहर का असर खत्म हो जाता है। इसके बाद भाईदूज के दिन पीड़ित लोग यहाँ आकर अपना बंध खुलवाते हैं।
मेला में सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मेले में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को नियंत्रित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। प्रशासन ने पहली बार स्मार्ट मैनेजमेंट मॉडल लागू किया है। पूरे मेला क्षेत्र को 22 सेक्टरों में बांटा गया है। मंदिर में प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते यानि एक्सप्रेस सिस्टम बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे, किसी भी आपात स्थिति के लिए 18 एंबुलेंस और 40 से अधिक स्ट्रेचर मुस्तैद रखे गए हैं।
*इसे बागियों का मंदिर भी कहा जाता है…*
इस मंदिर को बागियों यानि दस्युओं का मंदिर भी कहा जाता था। पुराने समय में चंबल के बागी और डाकू पुलिस को चुनौती देकर यहाँ मन्नत का घंटा चढ़ाने आते थे। श्रद्धालु दर्शन करने से पहले पवित्र सिंध नदी में स्नान करते हैं।
इस दो दिवसीय मेले में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है।
