
नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने चुनावी ड्यूटी में तैनात सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए भी आदर्श आचार संहिता के नियमों का पालन अनिवार्य कर दिया है। आयोग ने इस संबंध में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के मुख्य सचिवों एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारियों (CEO) को निर्देश जारी किए हैं।
निर्देशों के मुताबिक, चुनावी जिम्मेदारी निभा रहे रिटायर्ड अधिकारियों को सरकारी कर्मचारियों की तरह निष्पक्षता बनाए रखनी होगी। उन्हें किसी भी राजनीतिक गतिविधि में शामिल होने और चुनाव प्रचार से दूर रहने के निर्देश दिए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनावी प्रक्रिया के दौरान उनकी भूमिका पूरी तरह निष्पक्ष और गैर-राजनीतिक होनी चाहिए।
आयोग ने चेतावनी दी है कि इन निर्देशों या आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना है।