विरोध के बहाने राजनीति का पैंतरा 

विंध्य की डायरी

डॉ संजय पयासी

इन दिनों विंध्य में अपने पैर जमाने के लिए सक्रिय कांग्रेस ने विरोध की राजनीति का नया पैंतरा खोज लिया है. प्रस्तावित और उलझी विकास योजनाओ के माध्यम से पार्टी को संगठित करने का यह तरीका कितना कारगर होगा.यह तो समय ही बताएगा,परन्तु फिलहाल योजनाओं को लेकर जो माहौल बन रहा है.उससे सिस्टम की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है. रीवा जिले के रोझौही में प्रस्तावित न्यूक्लियर पावर प्लांट को लेकर उपजे ग्रामीणों में अविश्वास को कम करने में सत्ता और सिस्टम के प्रयास विफल होते नजर आ रहे हैं. दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस जनभावनाओं को भांपते हुए अपनी गतिविधियों को तेज करती जा रही है.रोझौही का कई बार नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार दौरा कर चुके हैं. पिछले दिनों प्रशासन की रोक के बावजूद कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने जनसंवाद का कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों का हर स्थिति में साथ देने की बात दोहराई है. इसके पहले सिंगरौली में विस्थापन को लेकर लोगों ने लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तक अपनी बात पहुँचाई है. बुंदेलखंड के पन्ना और छतरपुर की सीमा से लगे मझगांय गांव में केन-बेतवा लिंक परियोजना के प्रस्तावित बाँध के विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस ने अपनी सक्रिय भूमिका खुलकर दिखाई है.अब सतना में हवाईपट्टी के विस्तार में अड़चन बन रहे अवैध कब्जे के विरोध में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा उतर कर परम्परा को आगे बढ़ा रहे हैं. इस मामले में उनकी मांग है कि अवैध कब्जाधारियों को उसके एवज में विस्थापन का लाभ दे अन्यत्र बसाया जाय. योजनाओं के क्रियान्वयन में हो रहे बिलम्ब अब धीरे-धीरे सिस्टम की गले की फांस बनती जा रही है. सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए कई बार अधिकारियों को बलि का बकरा बना चुकी है. अब देखना यह है कि इस संकट से उबरने के लिए कौन सा रास्ता अख्तियार किया जाता है.

राजनीति का अखाड़ा बना मेडिकल कालेज

प्रदेश के पुराने मेडिकल कालेज में से एक रीवा का श्यामशाह मेडिकल कालेज इन दिनों राजनीति का अखाड़ा बन गया है. चिकित्सा सेवाओं में लगातार हो रहे विस्तार के प्रयासों को पलीता लगती गतिविधियां धीरे-धीरे प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के लिए चुनौती बनती जा रही है. लगातार चर्चा में बने संजय गांधी मेडिकल अस्पताल और मेडिकल कॉलेज को करीब से जानने वालों का कहना है कि वहाँ जो कुछ भी हो रहा है उसके पीछे चिकित्सा विशेषज्ञों की निजी कमाई मुख्य कारण है. लाखों-करोडों रुपये खर्च कर हर दिन खुल रहे निजी अस्पतालों के संचालन के पीछे कौन है, अगर इसकी जांच हो जाए तो बहुत कुछ सामने आ जाएगा.सेवाभाव से पूरी तरह व्यवसाय में बदल चुके इस पेशे में सरकारी योजनाओं से मिलने वाली आर्थिक मदद भी इस खेल का बड़ा हिस्सा है. यही वजह है कि कोई भी इस प्रकार की गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने के लिए ठोस कदम नही उठा पा रहा है. बताया यह जा रहा है कि फिलहाल स्थिति सामान्य हो रही है. पर पिछले दिनों हुए घटनाक्रम जो सन्देश दे चुके हैं उसकी समीक्षा जिम्मेदारों को गम्भीरता से करनी चाहिए.

आकर्षण खोता संगीत समारोह

मैहर घराना शास्त्री संगीत के क्षेत्र में भले उतना चर्चा में न रहता हो,परन्तु इस घराने से शिक्षा पाने वालों की फेहरिस्त इतनी लंबी है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता.घराने के उस्ताद अलाउद्दीन खां की स्मृति में हर साल समारोह का आयोजन किया जाता है. इस बार भी तीन दिनों तक यह आयोजन हुआ,पर इस बार बाबा के स्थापित मंच पर कोई भी ख्यातिनाम कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं करा सका. महज खानापूर्ति तक सीमित रह गए इस आयोजन की गरिमा में लगातार गिरावट आती जा रही है. अगर रसिक श्रोताओं की बात को सही माना जाय तो जेबी कलाकारों से सजे मंच पर सीमित बजट का हवाला देकर जिन कलाकारों को आमंत्रित किया जाता है, उसमें से कई सिर्फ पहचान मिल सके इस उद्देश्य से आमंत्रण पर पहुच जाते हैं. अच्छे कलाकारों की कम उपस्थिति से धीरे-धीरे इस कार्यक्रम में रसिक श्रोताओं की आमद भी कम होती जा रही है. पहले इस समारोह को देखने सुनने देश के कोने-कोने से लोग मैहर पहुँचते थे.

You May Like