इंदौर: शहर की करीब 20 साल पुरानी कृष्ण बाग कॉलोनी में रहने वाले 62 से अधिक परिवारों के सामने बेघर होने का खतरा मंडरा रहा है. न्याय नगर के पास स्थित कृष्णा बाग कॉलोनी सेक्टर-सी में जिंदगीभर की जमा पूंजी लगाकर बनाए आशियानों पर टूटने की तलवार लटक रही है. इसी के चलते परिवारों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है.
किसी ने गांव की जमीन बेची किसी ने घर के जेवर तो किसी ने जिंदगीभर की कमाई लगाकर प्लॉट खरीदा और मकान बनाया. कॉलोनाइजर से प्लॉट खरीदने के बाद रहवासियों ने रजिस्ट्री कराइर्, बिजली के पक्के मीटर और नल कनेक्शन लिए, नगर निगम को नियमित संपत्तिकर चुकाया. कई मकानों पर बैंक से लोन भी स्वीकृत हुए, इसके बावजूद आज इन्हीं परिवारों के आशियानों पर अवैध होने का संकट खड़ा है. सवाल यह है कि यदि ये निर्माण अवैध थे तो उस समय रजिस्ट्री, बिजली-पानी के कनेक्शन और अन्य सरकारी प्रक्रियाएं कैसे पूरी हुईं? और यदि लोगों के साथ प्लॉट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी हुई तो उसकी कीमत ये परिवार क्यों चुकाएं?
हाईकोर्ट के आदेश के बाद 62 परिवारों पर बेदखली और मकान टूटने का खतरा मंडरा रहा है. इनकी रातों की नींद और दिन का चैन छिन चुका है. पार्षद, विधायक, महापौर और मंत्री तक गुहार लगाई, लेकिन राहत नहीं मिली. रहवासियों का आरोप है कि बिल्डर ने अदालत के सामने कई महत्वपूर्ण तथ्य और दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए, जिसके चलते रहवासियों को अपनी बात रखने का मौका नहीं मिल पाया. मामला जो भी हो, सवाल उन परिवारों का है जिनकी पूरी जिंदगी की कमाई दांव पर है. बिल्डर को जमीन मिल सकती है, लेकिन इन परिवारों को उनका जीवनभर कमाई संपत्ति कौन लौटाएगा?
यह बोले रहवासी…
लोन लेकर मैंने घर बनाया, लोन अभी तक चल रहा है. श्रीराम बिल्डर्स ने हमारे सारे रास्ते बंद कर दिए. हमारे पास कुछ नहीं बचा. जीकर क्या करेंगे, हम जेसीबी के आगे कूद जाएंगे.
– नंदकिशोर बरबेले
हमारे पास सभी वैध पेपर होने के बावजूद, सब पैसों का खेल चल रहा है. गरीब की कोई सुनवाई नहीं हो रही. माननीय न्यायालय से निवेदन है हमारा पक्ष सुनकर निष्पक्ष जांच कर न्याय दिया जाए.
– जीतू नंदवाल
बीस साल से रह रहा हूं. पहले कोई नहीं आया. सारे टैक्स भरता हूं, फिर भी कोई सुनवाई नहीं. बिल्डर हम पर कैस लगाकर दबाव बनाकर मानसिक प्रताड़ना दे रहा है.
– विनोद कुमार विश्वकर्मा
कभी खसरे और कभी 62 प्लाटों की बात करते हैं. सीमांकन में फर्जीवाड़ा कर बड़ा भ्रष्टाचार किया है. न्यायालय से हकीकत छिपाने में वे सफल हुए, जिसका खामियाजा आज हम भुगत रहे हैं.
– पंकज तिवारी
