चुरहट :तहसील क्षेत्र चुरहट में हुई बेमौसम बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि ने किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कटाई के लिए तैयार खड़ी और खेतों में कटी रखी धान की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। फसल चौपट होने से किसानों के सामने आजीविका और कर्ज चुकाने का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
तहसील के दर्जनों गांवों में इन दिनों धान की कटाई और मिजाई का कार्य जोरों पर था। अचानक बदले मौसम के मिजाज ने सब कुछ तहस-नहस कर दिया। तेज हवाओं के कारण खड़ी फसल जमीन पर बिछ गई है और दाने झड़ गए हैं जिससे हार्वेस्टर या मजदूरों से कटाई करना मुश्किल हो गया है।
वहीं जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी थी वह बारिश के पानी में डूबकर सडऩे और जमने लगी है। किसान हीरा तिवारी नेता यादव और मोहर्रम खान ने बताया कि इस बार अच्छे उत्पादन की उम्मीद थी लेकिन आधे से अधिक फसल बर्बाद होने से अब लागत निकालना भी मुश्किल है। धान की फसल से ही बच्चों की पढ़ाई, शादी-ब्याह और कर्ज की किस्तें चुकती हैं। दूसरी ओर खेतों में जलभराव और फसल बिछने के कारण खेत खाली नहीं हो पा रहे हैं। इससे गेंहू, चना, सरसों और मसूर जैसी रबी फसलों की बुवाई पिछडऩे का खतरा पैदा हो गया है जिससे किसानों पर दोहरी मार पड़ रही है।श्
संयुक्त टीम ने सर्वे और मुआवजे की मांग
प्रभावित किसानों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम बनाकर तत्काल प्रभावित गांवों का सर्वे कराया जाए। किसानों का कहना है कि केवल आश्वासन के बजाय सीधे उनके खातों में मुआवजा राशि भेजी जाए और फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए।
इनका कहना है
तहसीलदार व पटवारियों को सर्वे के निर्देश दिए जाएंगे। यदि फसल में 25 प्रतिशत से अधिक का नुकसान पाया जाता है तो आरबीसी के प्रावधानों के तहत किसानों को राहत राशि का भुगतान किया जाएगा।
अजय शर्मा, उपखंड अधिकारी चुरहट
हार्वेस्टर से कटी धान बारिश से काली पड़ जाएगी और मिजाई के लिए रखी फसल खेत में ही जम जाएगी। सरकार को उपार्जन (धान खरीदी) के नियमों में छूट देनी चाहिए।
अतुल सिंह गहरवार, किसान गन्नौड
आंधी-बारिश से खड़ी फसल गिर गई है जिससे समय पर कटाई-मिजाई संभव नहीं है। प्रशासन को तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देना चाहिए।
राकेश तिवारी, किसान परसवार
कटी हुई धान सडऩे से भारी नुकसान तय है। हालांकि इस बारिश से सरसों की फसल को लाभ मिलेगा, लेकिन अन्य फसलों की बुवाई में देरी होगी।
अमृत लाल पटेल, किसान कृषि सेवा केन्द्र चुरहट
