बेटे की शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे पिता की नीलगाय की टक्कर से मौत, घर में पसरा मातम 

पिपलियामंडी। घोड़ारोज (नीलगाय) के कारण सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन हो रहे हादसों में लोग घायल हो रहे हैं, वहीं कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ऐसा ही दर्दनाक हादसा मल्हारगढ थाना क्षेत्र के बरखेड़ादेव निवासी मुकेश पाटीदार के साथ हुआ। बेटे गोर्धन की शादी की पत्रिकाएं बांटने जा रहे मुकेश की मोटरसाइकिल के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिससे वे गंभीर घायल हो गए। उदयपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को उनकी मौत हो गई। इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं । जानकारी के अनुसार बरखेड़ादेव निवासी मुकेश (47) पिता मोतीलाल पाटीदार के पुत्र गोर्धन की शादी 25 नवंबर को होना तय हुई थी। विवाह की पत्रिकाएं समाजजनों और रिश्तेदारों को बांटने के लिए मुकेश 17 नवंबर को मोटरसाइकिल से बरखेड़ादेव से डबोक (उदयपुर) जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनकी बाइक के सामने घोड़ारोज आ गया। टक्कर में मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए उदयपुर के जीबीएच अमेरिकन हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान शनिवार को उन्होंने दम तोड़ दिया। रविवार को गांव में उनका अंतिम संस्कार किया गया। मुकेश मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके परिवार में इकलौता पुत्र गोर्धन और 18 वर्षीय पुत्री शिवानी है। जिस घर में बेटे की शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां पिता की मौत से शोक छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जिला कांग्रेस महासचिव अनिल शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में घोड़ारोज की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। इनके झुंड किसानों की 30 से 40 प्रतिशत तक फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वहीं सड़कों पर अचानक सामने आने से वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन सरकार अब तक इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस योजना नहीं बना पाई है। शर्मा ने कहा कि घोड़ारोज की टक्कर से मृत्यु होने पर पीड़ित परिवारों को मिलने वाली 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता बंद किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। शर्मा के साथ ही कांग्रेस नेता लियाकत मेव, गोपाल भारती ने मुकेश पाटीदार की मौत के लिए प्रशासन और वन विभाग को जिम्मेदार ठहराते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की मांग की।

Next Post

गंगा जल संधि की समाप्ति के करीब भारत और बंगलादेश के बीच दो दिवसीय बैठक शुरू

Sun Nov 22 , 2026
ढाका 22 नवंबर (वार्ता) वर्ष 1996 की गंगा जल बंटवारा संधि के कार्यान्वयन की समीक्षा के लिए भारत और बंगलादेश के संयुक्त नदी आयोग (जेआरसी) की दो दिवसीय बैठक रविवार को यहां आधिकारिक रूप से शुरू हुई। 30 साल की अवधि पूरी करते हुए यह समझौता आगामी 12 दिसंबर को […]

You May Like