
इंदौर. लसूडिय़ा थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में देर रात घर के बाहर खड़ी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है. एक अज्ञात बदमाश ने कार का कांच फोड़ दिया और मौके से भाग निकला. घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
फरियादी शिवांशु वर्मा ने कार में तोड़फोड़ की शिकायत लसूडिय़ा थाने में की है. फुटेज में एक व्यक्ति देर रात कार के पास पहुंचकर उसका कांच फोड़ता नजर आ रहा है. वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस महालक्ष्मी नगर और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या बदमाश ने हुड़दंगई में कार को निशाना बनाया. एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि कार में तोड़फोड़ की शिकायत मिली है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं, मामले में सभी पहलुओं पर जांच जारी है.
