साझी सांस्कृतिक विरासत एससीओ देशों को जोड़ने वाला मजबूत सेतु : शेखावत

नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि साझा सांस्कृतिक विरासत शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के सदस्य देशों को जोड़ने वाला मजबूत सेतु है और यह सांस्कृतिक सहयोग आपसी समझ, विश्वास तथा मैत्री को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
श्री शेखावत ने यहां प्रथम एससीओ सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दूसरे दिन सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों पर आयोजित सत्रों की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ऐतिहासिक संबंधों ने एससीओ सदस्यों को एक-दूसरे के निकट लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा, “हमारी सभ्यताएं केवल अतीत की विरासत मात्र नहीं हैं, बल्कि जीवंत परंपराएं हैं, जिनका ज्ञान आज भी हमारे वर्तमान को आलोकित कर रहा है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।”
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक ने पुराना किला की ऐतिहासिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा, “यह किला, जिसमें हम बैठे हैं, अपने आप में एक कहानी है।” उन्होंने कहा कि इसकी नींव हुमायूं ने रखी थी, जबकि इसके निर्माण को शेरशाह सूरी ने आगे बढ़ाया। एक ही दीवार में दो शासकों की कला, दो सांस्कृतिक परतें और दो परंपराओं के निशान मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि विविधताओं को स्वीकार करने और उनके बीच संवाद कायम करने में ही समझदारी और साहस निहित है।
विदेश मंत्रालय में अपर सचिव तथा एससीओ के राष्ट्रीय समन्वयक आलोक डिमरी ने कहा कि एससीओ को अब अपने सुरक्षा-केंद्रित दृष्टिकोण से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि चर्चा में सांस्कृतिक नेटवर्क, जलवायु, युवा, डिजिटलीकरण और संयुक्त परियोजनाओं जैसे विषय प्रमुखता से उभरे। संस्कृति को सरकारी संस्थाओं तक सीमित रखने के बजाय आम लोगों तक पहुंचाने की जरूरत है।

फोरम के स्तरों में सदस्य देशों के बीच सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला की साझा विरासत तथा ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों पर चर्चा हुई। इसमें एससीओ सदस्य और संवाद सहयोगी देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को इस फोरम का उद्घाटन किया था। भारत की मेजबानी में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों और साझा सभ्यतागत विरासत के माध्यम से आपसी सहयोग को बढ़ावा देना है।

.....

Next Post

ट्रंप ने विदेशों में एआई डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर 'भारी टैक्स' लगाने की धमकी दी

Sun Nov 22 , 2026
वाशिंगटन, 22 नवंबर (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विदेशों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) डेटा सेंटर बनाने वाली अमेरिकी कंपनियों पर ‘भारी टैक्स’ लगाने की धमकी देते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि इस तरह का बुनियादी ढांचा अमेरिका के भीतर ही विकसित हों। श्री ट्रंप ने कहा, “हम […]

You May Like