लखनऊ। भारतीय सभ्यता और संस्कृति में जनजातीय समुदाय के अतुलनीय योगदान, समृद्ध विरासत और लोककलाओं को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के लिए राजधानी लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। लोकनायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर 23 से 26 नवंबर तक गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में जनजातीय गौरव पखवाड़ा एवं अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव आयोजित होगा। इसमें देश के 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकारों के साथ कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने गुरुवार को लोक भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के रहन-सहन, लोककला, परंपराओं, विविधता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को युवा पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने राजधानीवासियों से उत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। सभी कार्यक्रमों में प्रवेश निःशुल्क रहेगा।
मुख्यमंत्री योगी करेंगे उत्सव का शुभारंभ
मंत्री ने बताया कि 23 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसी दिन 1090 चौराहे से सांस्कृतिक समागम यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न राज्यों के करीब 250 कलाकार अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार अपनी कला एवं संस्कृति का प्रदर्शन करेंगे।
12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार दिखाएंगे लोक संस्कृति
उत्सव में महाराष्ट्र, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उत्तर प्रदेश के 500 से अधिक कलाकार हिस्सा लेंगे। ये कलाकार पारंपरिक नृत्य, लोकसंगीत और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत करेंगे।
70 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल होंगे आकर्षण
आयोजन में हस्तशिल्प एवं कला मेले के तहत 70 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां जनजातीय समुदाय की पारंपरिक कलाकृतियों, हस्तशिल्प और शिल्पकला को देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही ‘जेवनार’ एवं ‘देशी स्वाद’ नाम से व्यंजन मेले का आयोजन होगा, जहां विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद भी लिया जा सकेगा।
साहित्य, नाटक और संगोष्ठियों का भी होगा आयोजन
जनजातीय साहित्य और लोकभाषाओं को बढ़ावा देने के लिए पोथी घर सहित विभिन्न साहित्यिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय लोककला एवं बोली विकास अकादमी, जनजातीय संग्रहालय भोपाल और अन्य प्रकाशनों की सहभागिता रहेगी। उत्सव में ‘धरती आबा’ नाटक का मंचन भी किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय समाज के उत्थान, विकास और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित होंगी।
सुबह 11 से रात 9 बजे तक चलेगा मेला
आयोजकों के अनुसार, प्रतिदिन सुबह 11 बजे से हस्तशिल्प मेला शुरू होगा, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम पांच बजे से प्रारंभ होंगे। सभी गतिविधियां रात नौ बजे तक चलेंगी।
इस भव्य आयोजन को उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, जनजाति विकास विभाग, ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट, समाज कल्याण विभाग तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से आयोजित कर रहे हैं। प्रेस वार्ता में संस्थान के निदेशक अतुल द्विवेदी, संस्कृति निदेशक संजय कुमार सिंह, विशेष सचिव संस्कृति दीपा रंजन, उपनिदेशक समाज कल्याण प्रियंका सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
