
अशोकनगर। वन अमले ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 3 शौकिया शिकारियों को रंगे हाथों पकड़ा है, हालांकि इस दौरान दबिश के बीच से 8 शिकारी भाग निकले, जिन्हें पकड़ने के लिए वन विभाग लगातार प्रयास कर रहा है।
दरअसल, गुरुवार दोपहर डिप्टी रेंजर अरविंद राजपूत को सूचना मिली कि राजपुर बीट में काले हिरण का शिकार हुआ है। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना देने के बाद डिप्टी रेंजर मय बल के मौके पर रवाना हुए। इस दौरान करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग एक खेत में बने टपरे में हिरण का मांस पका रहे थे। जब वन अमले ने दबिश दी तो आठ लोग मौके से भाग निकले, जबकि तीन पकड़ में आ गए। इन तीनों ने बताया कि उन्होंने काले हिरण का शिकार किया था, जिसकी पार्टी मौके पर की जा रही थी। मौके से एक पतीले में काले हिरण का पका हुआ मांस, टपरे में से वन्यजीव पकड़ने वाले 6 जाल, मांस काटने के लिए उपयोग किए जाने वाला पटिया, नुकीले पत्थर बरामद हुए हैं, हालांकि मौके से किसी तरह के हथियार बरामद नहीं हुए।
शिवपुरी से आया डॉग स्क्वॉड, खाल में लगे बाल मिल, अन्य अवशेषों की नहीं हो सकी जब्ती
रेंजर ऋषि प्रजापति ने बताया कि तीनों शिकारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि माधव टाइगर रिजर्व से डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया था, जिसके माध्यम से कुछ पत्तों पर हिरण का खून लगा हुआ मिला है। बाल लगे हुए खाल के कुछ टुकड़े मिले हैं लेकिन अन्य अवशेषों की जब्ती अभी नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में और कुछ तथ्य भी निकल कर सामने आ सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार पुत्र करन सिंह 48 वर्ष एवं शिवनारायण पुत्र दल्लू 24 वर्ष निवासी ग्राम महुआलमपुर, भगवत पुत्र रमेश 30 वर्ष ग्राम जुगया शामिल हैं।
वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें न्यायिक दंडाधिकारी मुंगावली के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों के ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
इस कार्रवाई में उप वन क्षेत्रपाल अरविंद सिंह राजपूत, प्रमोद प्रजापति, राजीव रघुवंशी, रामेश्वर सहरिया सहित पूरे वन अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
