इंदौर: सरकारी नौकरी का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले शातिर को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने रेलवे और पुरातत्व विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक डॉक्टर और उसके परिवार से 1.72 करोड़ रुपए से ज्यादा हड़प लिए थे. ठगी को अंजाम देने के लिए उसने फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए थे.
डीसीपी क्राइम राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि फरियादी डॉ. सुभाष सोनकेसरिया निवासी राजेंद्र नगर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 41 वर्षीय आरोपी राकेश सुमन निवासी सिगांपुर ग्रीन व्यू प्रीमियम एनेक्स, लसूड़िया, मूल निवासी चंदेरी जिला अशोकनगर ने उन्हें और उनके रिश्तेदारों को नौकरी का झांसा देकर ठगी की.
आरोपी पहले इंडेक्स मेडिकल कॉलेज में ड्राइवर था, जहां उसकी पहचान डॉक्टर से हुई. यहीं से उसने अपने जाल में फंसाना शुरू किया. राकेश सुमन ने अपने पिता की पुरातत्व विभाग में नौकरी का हवाला देकर विभागीय दस्तावेजों की पहचान का फायदा उठाया और नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया. भरोसे में लेकर उसने लाखों रुपए ऐंठ लिए, ठगी की रकम 1,72,62,198 रुपए निकली.
आरोपी महज नवीं तक पढ़ा हुआ है, लेकिन पुरातत्व विभाग से जुड़े होने के कारण विभागीय प्रक्रियाओं की जानकारी थी, जिसका इस्तेमाल उसने ठगी में किया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर गिरफ्तार किया है. पूछताछ में आरोपी ने वारदात कबूल कर ली है. पुलिस को शक है कि उसने और लोगों को भी इसी तरह ठगा है. अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है और अन्य पीड़ितों व नए खुलासों की संभावना जताई जा रही है
