रीवा:शहर में कई स्थानों पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित करके गणेश उत्सव मनाया जा रहा है. घरों में भी गणेश प्रतिमाएं विराजी गई हैं.गणेश उत्सव का का समापन 6 सितम्बर अनंत चतुर्दशी को होगा. इस दिन पूजा-अर्चना के साथ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. प्रभारी कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह के साथ शहर में निर्धारित गणेश विसर्जन स्थलों का निरीक्षण किया. रीवा शहर में छतुरिहा घाट, करहिया घाट एवं बिछिया घाट में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा. इनके अतिरिक्त अन्य स्थानों पर प्रतिमाओं के विसर्जन पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा.
निरीक्षण के समय अधिकारियों को निर्देश देते हुए प्रभारी कलेक्टर डॉ सोनवणे ने कहा कि तीनों प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा, प्रकाश, वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग आदि की समुचित व्यवस्था करें. नदी में वर्तमान में तेज जल प्रवाह है. श्रद्धालुओं को सुरक्षित दूरी से प्रतिमाओं का विसर्जन कराएं. विसर्जन स्थलों में पर्याप्त पुलिस बल एनडीआरएफ की टीम, गोताखोर तथा नगर निगम के कर्मचारी तैनात रहेंगे.
डॉ सोनवणे ने आमजनता से अपील करते हुए कहा है कि प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम कुण्ड बनाए गए हैं. इनमें भी प्रतिमाओं का विसर्जन करें. नदी में तेज बहाव में किसी भी तरह की दुर्घटना हो सकती है. फूल मालाएं और अन्य पूजन सामग्री विसर्जन स्थल पर बनाए गए निर्धारित निर्माल्य कलशों में डालें जिससे नदी को प्रदूषण से बचाया जा सके. पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने अधिकारियों को घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश दिए. निरीक्षण के समय एसडीएम हुजूर वैशाली जैन सहित अधिकारी मौजूद रहे.
