भोपाल। बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का भव्य आगाज हुआ। मेजबान भारतीय टीम ने अपने पहले मुकाबले में मलेशिया को 4-1 से हराकर जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया। भारत की ओर से खान मुमताज, कप्तान सलीमा टेटे, पूजा साहू और लालरेमसियामी ने एक-एक गोल किया। अपने डेब्यू मैच में गोल करने वाली पूजा साहू को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट के पहले दिन चीन ने थाईलैंड को 7-0 से हराया, जबकि जापान ने दक्षिण कोरिया को 1-0 से शिकस्त दी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भव्य समारोह और आतिशबाजी के बीच प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश के खेल इतिहास में आज का दिन स्वर्णिम अक्षरों में लिखा जाएगा। पहली बार प्रदेश की धरती पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है, जिसमें विभिन्न देशों की महिला हॉकी टीमें हिस्सा ले रही हैं। उन्होंने कहा कि 28 नवंबर तक चलने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में खेल और खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुकाबले की खास बात यह भी रही कि मलेशिया की महिला खिलाड़ी हिजाब पहनकर मैदान पर उतरीं।
