मेरी सरकार ‘दोस्त सरकार’ है, मुझे खुल कर सुझाव दें: मोदी का उद्योग जगत से आह्वान

नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को अपनी सरकार को उद्योग जगत का ‘दोस्त’ बताते हुए उद्यमियों से सुधारों की आवश्यकता के बारे में बिना झिझक, खुल कर अपने सुझाव सरकार को लिखने का आह्वान किया है।

श्री मोदी ने उद्यमियों को ‘ सुबह-शाम गाली’ देने वालों की आलोचना करते हुए कहा कि कोई देश सम्पत्ति का सृजन करने वाले उद्यमियों को गाली दे कर तरक्की नहीं कर सकता।

साथ ही उन्होंने घरेलू उद्योग जगत से यह अपेक्षा की है कि वह केवल घेरलू बाजार ही निर्भर बैठा नहीं रहेगा, जहां विशाल आबादी में हर तरह की चीज चल जाती है, बल्कि वैश्विक स्पर्धा के लिए अपने को तैयार करेगा। वह यहां शीर्ष उद्योगमंडल फिक्की की वार्षिक आम बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्यमियों से दुनिया के ग्राहकों को समझने पर निवेश करने को कहा।

प्रधानमंत्री ने उद्योगों से कृषि क्षेत्र में भी निवेश करने का आह्वान किया।

श्री मोदी ने सम्मेलन में एकत्रित देश भर के उद्यमियों से कहा, ‘ मैं फॉर्मेलिटी के लिए नहीं आया हूँ, मैं दिल से मिलने आया हूँ आपसे और मैं आप लोगों का सम्मान करता हूँ इसलिए आया हूँ।… आपका पुरानी सरकारों का अनुभव इतना खट्टा रहा है, उसका खामियाज़ा मुझे भुगतना पड़ रहा है। पर यह पुराने वाली सरकार नहीं है। यह दोस्त सरकार है। ये दोस्ती निभाना जानती है।” उन्होंने कहा देश में सामन्य प्रकार की चीजों के बाजार में विदेशी सामानों की भरमार की ओर संकेत करते हुए घर में पूंजी जाने वाली परंपरागत गणेश प्रतिमाओं के देसी या विदेशी होने के संशय का उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ” अब आप मेरे सच्चे दोस्त हैं, तो एक काम करना है। बिना संकोच, बिना झिझक, मुझे खुल कर के लिख कर के भेजिए कि अभी भी क्या सुधार ज़रूरी हैं। मैं बार-बार आपसे कहूँगा कि खुल कर के सुझाव लिख कर के भेजिए।” उन्होंने कहा कि हो सकता है ऐसे 100 में से दो सुझावों पर ही उनके हाथ लेगें यह उनकी कमी होगी। लेकिन उद्यमियों को सुझाव देने में कमी नहीं करनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘सरकार के दरवाज़े भी और सरकार का दिमाग भी पूरी तरह खुला है।”

उन्होंने उद्यमियों से केवल घेरलू बाजार के सहारे इस तसल्ली के साथ न बैठने की सलाह दी कि देश में इतनी बड़ी आबादी है कि यहां तो माल बिक ही जायेगा। उन्होंने कहा, ‘ हमें इससे वह आत्मविश्वास मिलना चाहिए, जिससे हम वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा कर सकें। हमें दिमाग में वो भरना है जी। और इसलिए दुनिया के अलग-अलग क्षेत्रों के ग्राहकों की जरूरतों को समझने में आप निवेश कीजिए, टीमें भेजिए, मैपिंग कीजिए किसको क्या ज़रूरत है, कैसे भेजेंगे। उसकी लिए यूज़र फ्रेंडली चीज़ें हम कैसे बनायेंगे, उसके स्वभाव को, उसको जो कलर पसंद है, वो कलर कैसे बनायेंगे।

प्रधानमंत्री ने बाजार पर बाहरी कब्जे के संकट की ओर आगाह करते हुए कहा, ” वरना हम तो जानते हैं दुनिया में किस प्रकार से मार्केट कब्ज़ा किया जाता है। अब गारंटी नहीं है कि गणेश जी हमने बनाए हैं कि किसी और ने बनाए हैं, लेकिन हम घर में पूजा कर रहे हैं।” उन्हें कहा कि ‘हमारे लिए बहुत आवश्यक है कि विश्व में जो ज़रूरतें हैं, उनके स्टैंडर्ड्स का मुकाबला करने में और उनके लिए वितरण नेटवर्क खड़े करने में हमें इन्वेस्ट करना चाहिए। हमारे सामान ऐसे हों जो वैश्विक बाजार में ग्राहकों का विश्वास जीतें और उन्हें भारत से जोड़ें।”

किसानों और उद्यमों के महत्व को रेखांकित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ कोई भी देश, अपने किसानों, अपने लघु उद्यमियों, अपनी इंडस्ट्रीज, अपने वेल्थ क्रिएटर्स, अपने टैक्स पेयर्स का सम्मान करते हुए ही आगे बढ़ता है। सुबह-शाम उनको गालियां देकर के देश आगे नहीं बढ़ता है।”

उन्होंने उद्योग जगत से कृषि और कृषि प्रसंस्करण क्षेत्र में निवेश पर बल देते हुए कहा, ” भारत इतना बड़ा देश है, लेकिन वैश्विक कृषि निर्यात में में हमारा हिस्सा सिर्फ दो-ढाई प्रतिशत का है। हमारा कॉर्पोरेट जगत कृषि में निवेश करने से डरता है, भागता है।” उन्होंने इस स्थिति को बदलने कृषि केा मूल्य वर्धन और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के साथ एक बड़े अवसर के रूप में देखने का सुझााव दिया।

श्री मोदी ने कहा, ‘ जरूरी है कि, आज इंडस्ट्री एक साथ मिलकर, आगे की एक स्ट्रैटजी बनायें, एक पूरा प्लान बनायें, कि हम क्या उत्पाद कर रहे हैं और दुनिया की जरूरतें क्या हैं। मैं आपसे आग्रह करूंगा, हमारी इंडस्ट्रीज, भारत के एग्रीकल्चर सेक्टर में अपना निवेश बढ़ायें।

 

 

Next Post

अनुष्का गुप्ता ने 16वें डीजीसी महिला ओपन एमेच्योर गोल्फ़ टूर्नामेंट 2026 में टाइटल जीता

Thu Nov 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) ऊषा द्वारा प्रेज़ेंट किया गया 16वां डीजीसी महिला ओपन एमेच्योर गोल्फ़ टूर्नामेंट 2026 आज मशहूर दिल्ली गोल्फ़ क्लब में खत्म हुआ। वर्ल्ड एमेच्योर गोल्फ़ रैंकिंग (डब्ल्यूएजीआर) से मान्यता प्राप्त इस तीन दिन के, 54-होल वाले टूर्नामेंट में 11 से 79 साल की उम्र की 112 […]

You May Like