
छिंदवाड़ा। रात्रि के समय सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस छिंदवाड़ा द्वारा गुरुवार को कुश्मेली कृषि उपज मंडी में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत 80 से अधिक ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहनों पर रेडियम पट्टियां (रिफ्लेक्टर) लगाई गईं। अभियान के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने मंडी परिसर में मौजूद किसानों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने चालकों को समझाया कि रात के अंधेरे और कम रोशनी के कारण कृषि कार्य एवं परिवहन में लगे ट्रैक्टर-ट्रॉली व पिकअप वाहन दूर से नजर नहीं आते हैं। इससे पीछे से आने वाले तेज रफ्तार वाहनों के टकराने और गंभीर हादसों की आशंका बनी रहती है।
दूर से ही हो सकेगी वाहनों की पहचान ०००००
अधिकारियों ने बताया कि वाहनों के आगे और पीछे रेडियम पट्टियां लगी होने से हेडलाइट की रोशनी पड़ते ही ये दूर से चमकने लगती हैं। इससे अन्य वाहन चालकों को सड़क पर चल रहे या खड़े वाहन का समय रहते अंदाजा हो जाता है और संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है। इस दौरान पुलिस ने सभी चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और वाहनों में आवश्यक सुरक्षा संकेतक दुरुस्त रखने की अपील भी की। इस विशेष अभियान में यातायात प्रभारी संदीप सुनेश, रक्षित निरीक्षक (आरआई) लखन सिंह बघेल, सूबेदार लोहित शेंडे सहित यातायात पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बल सक्रिय रूप से उपस्थित रहा।
