अकवान को लेकर उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम एवं ओडिशा के तटों के लिए चक्रवात की चेतावनी, कई ट्रेनें रद्द

भुवनेश्वर, 19 नवंबर (वार्ता) पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर भीषण चक्रवाती तूफान अकवान को लेकर उत्तरी आंध्र प्रदेश और यनम तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों के लिए चक्रवात की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विज्ञान विभाग ने संकेत दिया है 20 नवंबर, 2026 की दोपहर तक इसके नरसपुर और पुरी के बीच, गोपालपुर के निकट, उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने का अनुमान है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90-100 किमी प्रति घंटा होगी, जो झोंकों के साथ 110 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

ओडिशा सरकार ने चक्रवात अकवान के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों से 1.05 लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है तथा प्रशासन ने इससे निपटने की अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है।

मुख्य सचिव अनु गर्ग ने गुरुवार को बताया कि लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान जारी है। इसके तहत चक्रवात की आशंका वाले इलाकों, निचले क्षेत्रों और भूस्खलन के खतरे वाले पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। इनमें गजपति और कंधमाल जिलों के पहाड़ी इलाकों में स्थित 6,109 संवेदनशील स्थानों और भूस्खलन की आशंका वाले इलाकों पर विशेष ध्यान दिया गया है।

विशेष राहत आयुक्त कार्यालय में तैयारियों की समीक्षा करने के बाद श्री गर्ग ने बताया कि अब तक सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाये गये 1,05,304 लोगों में से 45,364 लोग गंजाम जिले से और 18,000 लोग गजपति जिले से हैं। इन्हें 1,224 चक्रवात और बाढ़ आश्रय स्थलों में ठहराया गया है। गजपति और कंधमाल जिलों में पहाड़ी ढलानों पर बसे गांवों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है जहां भूस्खलन की आशंका को देखते हुए निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

ओडिशा सरकार ने चक्रवात से प्रभावित हो सकने वाले जिलों में 9,299 चक्रवात आश्रय स्थल चिह्नित किये हैं। यहां पका हुआ और सूखा भोजन, पीने का पानी, जरूरी दवाएं और अन्य आवश्यक चीजें उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गयी है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में मदद के लिए आशा तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को तैनात किया गया है। जिन गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी की संभावित तारीख 30 नवंबर तक है उन्हें भी पास के स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचा दिया गया है। आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए, विभिन्न जिलों में ओडीआरएएफ की 60 टीमें, एनडीआरएफ की 14 टीमें और दमकल विभाग की 221 टीमें तैनात की गयी हैं। ओडिशा वन विकास निगम ने पेड़ों के गिरने और अन्य मलबे से अवरुद्ध सड़कों को साफ करने के लिए 100 टीमाें को तैनात किया है।

पुरी, गोपालपुर, सतपाड़ा और चिल्का सहित समुद्र तटों और तटीय इलाकों में पर्यटकों के जाने पर रोक लगा दी गयी है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गयी है जबकि कलिंग घाटी और गजलबाड़ी सड़कों पर आवाजाही सीमित कर दी गयी है।

जल संसाधन विभाग ने भारी बारिश के कारण आने वाली संभावित बाढ़ से निपटने के लिए चौबीसों घंटे निगरानी, रात में गश्त और कंट्रोल रूम के संचालन की व्यवस्था की है। नदियों के तटबंधों और जलाशयों पर वरिष्ठ इंजीनियरों को तैनात किया गया है। संवेदनशील जिलों में वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को तैनात किया गया है, सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गयी हैं और पूरे राज्य में 24 घंटे काम करने वाले कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिये गये हैं। सरकार आपातकालीन सहायता और ट्रेनों के संचालन में जरूरी बदलावों के लिए कोस्ट गार्ड और रेलवे के साथ भी समन्वय कर रही है।

चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के मद्देनजर एहतियाती कदम उठाते हुए रेलवे ने 19, 20 और 21 नवंबर को संचालित होने वाली 39 ट्रेन सेवाओं को रद्द कर दिया है। इन ट्रेनों को रद्द् किये जाने से ओडिशा को पड़ोसी राज्यों से जोड़ने वाली कई लंबी दूरी की एक्सप्रेस, वंदे भारत, पैसेंजर और मेमू ट्रेनें प्रभावित हुई हैं, जिनमें पुरी, भुवनेश्वर, कटक और ब्रह्मपुर से आने-जाने वाली ट्रेनें शामिल हैं।

रद्द की गई प्रमुख ट्रेनों में भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस (20841/20842), हावड़ा-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस (22895/22896), टाटानगर-ब्रह्मपुर वंदे भारत एक्सप्रेस (20891/20892) और पुरी-यशवंतपुर गरीब रथ एक्सप्रेस (22883/22884) शामिल हैं।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे अपनी यात्रा शुरू करने से पहले नेशनल ट्रेन इन्क्वायरी सिस्टम या अन्य आधिकारिक रेलवे पूछताछ माध्यमों से ट्रेनों की नवीनतम स्थिति की जांच कर लें।

चक्रवात ‘अकवान’ के अप्रत्यक्ष प्रभाव के कारण त्रिपुरा में छिटपुट बारिश और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। राज्य में यह मौसमी बदलाव मानसून की अक्टूबर के मध्य में विदाई के करीब एक महीने बाद देखने को मिल सकता है। चक्रवात का असर पूर्वोत्तर क्षेत्र पर पड़ रहा है। मौसम विज्ञान विभाग ने गुरुवार को राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया। हालांकि, विभाग ने स्पष्ट किया है कि चक्रवात के सीधे टकराने या तेज हवाएं चलने का फिलहाल कोई खतरा नहीं है।

 

 

Next Post

टेम्बा बावुमा दूसरे टेस्ट से बाहर

Thu Nov 19 , 2026
जोहानसबर्ग, 19 नवंबर (वार्ता) टेम्बा बावुमा पिंडली में खिंचाव के कारण बांग्लादेश के खिलाफ सेंचुरियन में सोमवार से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह एडेन मार्करम को कप्तान और टोनी डी ज़ोरज़ी को XI में शामिल किए जाने की संभावना है। बावुमा उस मैच […]

You May Like