
देवास। जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र के ग्राम शिप्रा के श्मशान में गुरुवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां सुनवानी महाकाल गांव के दो युवक गंभीर अवस्था में पड़े मिले। दोनों को तत्काल इंदौर ले जाया गया, जहां एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने रात में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों की पहचान विवेक (19 वर्ष) और आशीष (18 वर्ष) के रूप में हुई है। विवेक छात्र था जबकि आशीष दूध का व्यवसाय करता था। दोनों सुनवानी महाकाल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार को दूध देने के लिए क्षिप्रा स्थित डेयरी पर आए थे। शाम को वे शिप्रा के श्मशान में गंभीर अवस्था में पड़े मिले। सूचना पर पुलिस और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।
गंभीर हालत में परिजनों ने दोनों को इंदौर के निजी अस्पताल ले जाया, लेकिन एक युवक की रास्ते में ही मौत हो गई और दूसरे की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया और औद्योगिक थाना टीआई शशिकांत चौरसिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को घटनास्थल से जहरीला पदार्थ, खून और उल्टी फैली मिली है।
एएसपी भदौरिया ने बताया कि घटनास्थल से कई साक्ष्य बरामद किए गए हैं और यह जांच की जा रही है कि दोनों युवक किस परिस्थिति में श्मशान पहुंचे।
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि दोनों के शरीर पर चाकू के घाव के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका गहराई है। दोनों शवों का पोस्टमार्टम इंदौर में कराया गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और वे पुलिस प्रशासन से हमलावरों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
