नयी दिल्ली , 19 नवंबर (वार्ता) विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि भारत और जापान के बीच मजबूत साझेदारी मौजूदा वैश्विक चुनौतियों से निपटने में अहम भूमिका निभा सकती है।
डॉ जयशंकर ने गुरुवार को जापान की राजधानी टोक्यो में भारत-जापान के विदेश और रक्षा मंत्रियों की चौथी ‘ टू प्लस टू वार्ता’ के समापन पर समुद्री व्यापार की सुरक्षा, रक्षा सहयोग और हिंद-प्रशांत क्षेत्र को स्वतंत्र एवं खुला बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुनिया इस समय कई बड़े संकटों से गुजर रही है। दो बड़े संघर्षों, आर्थिक अस्थिरता और कोविड महामारी के असर के कारण ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं। ऐसे समय में भारत और जापान जैसे भरोसेमंद साझेदारों का महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने कहा कि कनेक्टिविटी, संसाधनों, सेवाओं, आपूर्ति श्रृंखला और बाजार हिस्सेदारी को हथियार की तरह इस्तेमाल करने की बढ़ती प्रवृत्ति दोनों देशों की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। इससे निपटने के लिए अपनी क्षमताओं को मजबूत करना और नए विकल्प तलाशना जरूरी है।
विदेश मंत्री ने समुद्री व्यापार को अंतरराष्ट्रीय कारोबार का अहम आधार बताते हुए कहा कि इसे सुचारु बनाये रखना जरूरी है। भारत और जापान के बीच समुद्री सहयोग इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। दोनों देशों ने इस संबंध में अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करने पर भी सहमति जताई।
डॉ जयशंकर ने बदलते युद्ध के तरीकों का जिक्र करते हुए कहा कि आधुनिक हथियारों और नये तकनीकी समाधानों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में सहयोग नवाचार और स्टार्टअप के साथ दोनों देशों की व्यापक साझेदारी का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि भारत और जापान का लक्ष्य बहुध्रुवीय एशिया और बहुध्रुवीय दुनिया को मजबूत करना है। दोनों देश बहुपक्षीय संस्थाओं में सुधार के भी समर्थक हैं। विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और जापान के बीच मजबूत होते संबंध वैश्विक व्यवस्था में दोनों देशों की भूमिका को और महत्वपूर्ण बना सकते हैं।

