भोपाल। भोपाल की फैशन डिजाइनर और चांदनी बूटिक की संस्थापक ज्योत्स्ना राजगुरु ने दिल्ली में आयोजित प्रतिष्ठित फैशन सीईओ समिट (FCS) 2026 में सम्मान हासिल कर शहर और मध्य प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। भारतीय पारंपरिक परिधानों, हैंडलूम और हस्तनिर्मित वस्त्रों को बढ़ावा देने के लिए उनके करीब तीन दशक के अनुभव, रचनात्मकता और उद्यमशीलता को इस मंच पर पहचान मिली।
ज्योत्स्ना राजगुरु ने भोपाल में अपने चांदनी बूटिक के जरिए पारंपरिक भारतीय कला और आधुनिक फैशन का अनूठा मेल पेश किया है। उनके डिजाइन और कलेक्शन में बाघ प्रिंट, डाबू प्रिंट, कलमकारी और अजरख जैसे पारंपरिक भारतीय प्रिंट्स की खास झलक देखने को मिलती है। वे भारतीय टेक्सटाइल और हस्तकला की विरासत को आधुनिक परिधानों के माध्यम से नई पहचान देने का प्रयास कर रही हैं।चांदनी बूटिक में महिलाओं के लिए पार्टी वियर, एथनिक आउटफिट्स, डिजाइनर सूट और रेडी-टू-वियर परिधानों के साथ उनकी पसंद और जरूरत के मुताबिक कस्टमाइज्ड ड्रेस भी तैयार की जाती हैं। उनका प्रयास है कि महिलाओं को ऐसे परिधान मिलें, जो भारतीय परंपरा से जुड़े होने के साथ उनके व्यक्तित्व और पसंद को भी दर्शाएं।
ज्योत्स्ना का मानना है कि फैशन केवल कपड़ों और डिजाइन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, पारंपरिक शिल्प और स्थानीय कलाओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है। इसी सोच के साथ वे परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाते हुए अपने काम को आगे बढ़ा रही हैं।एक व्यक्तिगत जुनून को सफल व्यवसाय और पहचान में बदलने का उनका सफर मेहनत, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता की मिसाल है। फैशन सीईओ समिट 2026 में मिला सम्मान उनके वर्षों के अनुभव और फैशन के प्रति समर्पण की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान है। उनकी यह उपलब्धि भोपाल की महिला उद्यमियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
