कटनी: जिला अस्पताल के स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (SNCU) में दो नवजात शिशुओं की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। परिजनों ने वार्ड में तैनात डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। न्याय की गुहार लगाते हुए एक पीड़ित मां अपने मृत नवजात के शव को लेकर सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गई, जिससे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
विवाद के बाद वार्ड छोड़कर भागा स्टाफ, इलाज के अभाव में गई जान
जानकारी के अनुसार, स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम मटवारा निवासी शिल्पा कोल ने तबीयत बिगड़ने पर अपने नवजात शिशु को जिला अस्पताल के SNCU वार्ड में भर्ती कराया था। बताया जा रहा है कि देर रात करीब 12 बजे वार्ड में भर्ती एक अन्य नवजात बच्ची की मौत हो गई। इस घटना को लेकर बच्ची के परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच तीखा विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद SNCU का पूरा स्टाफ वार्ड में भर्ती अन्य गंभीर नवजातों को लावारिस छोड़कर वहां से चला गया। इस दौरान करीब दो घंटे तक वार्ड में बच्चों की सुध लेने वाला कोई नहीं था। इलाज और देखरेख के अभाव में शिल्पा कोल के नवजात की भी सांसें थम गईं।
मां का दर्द: “दो घंटे तक लगाती रही गुहार, किसी ने नहीं सुनी”
कलेक्ट्रेट पहुंची पीड़ित मां शिल्पा कोल ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की हालत बिगड़ने पर वह करीब दो घंटे तक डॉक्टरों और कर्मचारियों से इलाज के लिए गुहार लगाती रहीं, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। शिल्पा का कहना है कि यदि समय रहते बच्चे को उपचार मिल जाता, तो आज वह जिंदा होता।
प्रशासन के संज्ञान में मामला, जांच की तैयारी
मृत बच्चे के साथ मां के कलेक्ट्रेट पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सक्रिय हो गए। मामले में डिप्टी कलेक्टर ज्योति लिल्यारे और प्रभारी सिविल सर्जन डॉ. राजेंद्र सिंह का पक्ष भी सामने आया है। फिलहाल जिला प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लिया है और अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि जांच के बाद लापरवाह स्टाफ पर क्या कार्रवाई की जाती है।
