गोरखपुर: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने पूर्वांचल में अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी क्रम में सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचेंगे। वह चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती से पार्टी के चुनावी अभियान का शंखनाद करेंगे।
अखिलेश यादव दोपहर 11:45 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 12 बजे PDA रथ पर सवार होकर चौरीचौरा के लिए रवाना होंगे। एयरपोर्ट से देवकही गांव तक करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में जगह-जगह उनका स्वागत किया जाएगा। इस रोड शो के जरिए सपा अपनी राजनीतिक ताकत और संगठनात्मक सक्रियता का प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
देवकही गांव में अखिलेश यादव अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके साथ ही पूर्व छात्रनेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद जनसभा को संबोधित कर पार्टी कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का संदेश देंगे।सपा ने इस कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव तिवारी हाता भी पहुंचेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में अखिलेश यादव का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सपा PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरण को केंद्र में रखकर पूर्वांचल में अपना जनाधार मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में चौरीचौरा की जनसभा और रोड शो को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के शक्ति प्रदर्शन और चुनावी तैयारियों के रूप में देखा जा रहा है।
