व्लादिवोस्तोक, 17 अगस्त (वार्ता/शिन्हुआ) रूस 2036 से पहले शुक्र ग्रह पर फिर से जाने के लिए अपने वेनेरा-डी अंतरग्रहीय मिशन के प्रक्षेपण की योजना बना रहा है और इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। यह जानकारी स्थानीय मीडिया ने रविवार को दी।
तास समाचार एजेंसी ने रूसी विज्ञान अकादमी के अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (आईकेआई) में ग्रह भौतिकी विभाग के प्रमुख ओलेग कोराबलेव के हवाले से कहा कि यह मिशन अब देश के नए राष्ट्रीय अंतरिक्ष कार्यक्रम का हिस्सा है और मिशन पर प्रारंभिक डिजाइन का काम जनवरी 2026 में शुरू होगा।
श्री कोराबलेव ने कहा कि ड्राफ्ट डिजाइन चरण में दो वर्ष का समय लगने की संभावना है और रूसी अंतरिक्ष उद्योग उद्यम, लावोच्किन एसोसिएशन के सहयोग से तैयारियां शुरू हो चुकी है जिसमें प्रगति को सुव्यवस्थित करने के लिए कई समन्वय बैठकें भी शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि मिशन के प्रक्षेपण की तिथि डिज़ाइन चरण पूरा होने के बाद निर्धारित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह निश्चित रूप से वर्तमान योजना अवधि के भीतर ही होगा और 2036 से पहले इसके क्रियान्वित होने की पूरी संभावना है।
वेनेरा-डी मिशन में एक लैंडर, एक बैलून प्रोब और एक कक्षीय अंतरिक्ष यान शामिल करने की योजना है। इस वर्ष की शुरुआत में, आईकेआई के वैज्ञानिक निदेशक एवं शिक्षाविद लेव ज़ेलेनी ने कहा था कि 2034 या 2035 से पहले इसका प्रक्षेपण संभव नहीं है।
