
नयी दिल्ली, 13 सितम्बर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यहां 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात की।
श्री मोदी ने आसियान अध्यक्ष के रूप में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में फिलीपींस की भागीदारी का स्वागत किया।दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग के सभी क्षेत्रों में हुई प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, अंतरिक्ष, रेलवे ढांचे, फिनटेक, शिक्षा, पर्यटन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, नवाचार और दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को और बढ़ाने पर सहमति जताई।
उन्होंने पिछले वर्ष अगस्त में राष्ट्रपति मार्कोस की भारत यात्रा के दौरान स्थापित रणनीतिक साझेदारी के तहत द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई। प्रधानमंत्री ने आपदा-रोधी बुनियादी ढांचे के लिए गठबंधन में शामिल होने के फिलीपींस के फैसले का स्वागत किया।
दोनों ने साझा हितों से जुड़े क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और रणनीतिक साझेदारी के सभी क्षेत्रों में सहयोग मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
