पिपराड़ में पंचायत भवन के सामने शव दाह की तैयारी से प्रशासन हरकत में आया

भीकनगांव। ग्राम पिपराड़ में श्मशान घाट तक पहुंचने के रास्ते को लेकर विवाद का मामला उस समय गंभीर हो गया, जब एक ग्रामीण की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में रास्ते पर कथित कब्जे के कारण परेशानी सामने आई। नाराज ग्रामीणों ने पंचायत भवन के सामने ही लकड़ी, कंडे और काठी रखकर शव दाह करने की बात कही। इसकी सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार पिपराड़ निवासी बाबूलाल गुर्जर 70 वर्ष पिता भाईराम का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट ले जाने के दौरान रास्ते में कथित अतिक्रमण के कारण ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद ग्रामीण पंचायत भवन के सामने अंतिम संस्कार करने की तैयारी करने लगे।

मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार मनोज चौहान, जनपद सीईओ, थाना प्रभारी, पटवारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने श्मशान घाट तक जाने वाले रास्ते का निरीक्षण किया और जिस स्थान पर कब्जे की शिकायत बताई गई, उसका भी मौके पर मुआयना किया।

प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों को समझाइश दी गई, जिसके बाद शव को श्मशान घाट ले जाकर अंतिम संस्कार कराया गया। ग्रामीणों ने श्मशान घाट के रास्ते की समस्या का स्थायी निराकरण कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात अधिक होने से नाले से गुजर कर जाना पड़ता है पानी अधिक होने से शव दूसरे गाँव ले जार दाह संस्कार करना पड़ता है

नाले वाले रास्ते में आ रही दिक्कत : सरपंच

पिपराड़ सरपंच रामेश्वर ने बताया कि नाले वाले रास्ते में दिक्कत के कारण अंतिम संस्कार के लिए शव को श्मशान घाट तक ले जाने में परेशानी आई। उन्होंने कहा कि श्मशान घाट के रास्ते की समस्या का जल्द निराकरण किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति निर्मित न हो।

जांच के बाद नियमानुसार होगी कार्रवाई : तहसीलदार

तहसीलदार मनोज चौहान ने बताया कि ग्रामीणों ने जानकारी दी है कि इससे पहले भी एक बार इसी प्रकार की परेशानी सामने आ चुकी है। मामले की जांच कराई जाएगी और यदि रास्ते पर अतिक्रमण या कब्जे की पुष्टि होती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पथरिया में पुलिस पर हमले के मुख्य आरोपी गिरफ्तार, अवैध बंदूक व कारतूस जब्त

Tue Aug 4 , 2026
दमोह/पथरिया। थाना क्षेत्र के ग्राम सूखा में जमीन विवाद के दौरान डायल-112 पुलिस टीम पर हमला करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने तथा पुलिसकर्मी का मोबाइल छीनने के मामले में पथरिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 315 बोर […]

You May Like