इंदौर: तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के रालामंडल बायपास पर देर रात बड़ा हादसा हो गया. राऊ से देवास की ओर जा रहा केलों से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों बीच पलट गया. हादसे के बाद कुछ देर तक बायपास पर अफरा तफरी का माहौल रहा और यातायात प्रभावित हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत और ट्रैफिक व्यवस्था संभाली.थाना प्रभारी देवेन्द्र मरकाम ने बताय कि ट्रक नम्बर सीजी 07 सीजे 2071 तेज रफ्तार में था. अचानक संतुलन बिगड़ने से ट्रक पलट गया.
दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए आगे आए और केबिन में फंसे ड्राइवर को काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया. गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. ट्रक पलटने से उसमें लदा केला सड़क पर फैल गया, जिससे बायपास पर लंबा जाम लग गया. सूचना मिलते ही तेजाजी नगर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. क्रेन मंगवाकर ट्रक को सीधा कराया और सड़क से मलबा हटवाया. इसके बाद ट्रक को थाने भिजवाया. फिलहाल ट्रक पलटने के कारणों की जांच कर रही है.
