मणिपुर में शांति और विकास बहाल करने को सरकार प्रतिबद्ध: मुर्मु

इंफाल, 11 दिसंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने मणिपुर में सभी से ऐसी स्थिति बहाल करने की अपील की, ”जहां हर बच्चा सुरक्षित महसूस करे, हर महिला सशक्त हो, हर समुदाय अपने को देश और राज्य का अहम अंग माने और हर नागरिक एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़े।”

सुश्री मुर्मु ने गुरुवार को सिटी कन्वेंशन हॉल में एक नागरिक अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर लचीलेपन, साहस और असाधारण संस्कृति की भूमि है और यहां के लोगों ने सशस्त्र बलों, कला और संस्कृति, सार्वजनिक सेवाओं तथा खेल के क्षेत्रों में राष्ट्र में बहुत बड़ा योगदान दिया है।

राष्ट्रपति ने 1,180 करोड़ रुपये की 14 परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी और 207 करोड़ रुपये की 12 परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं मणिपुर के लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार करेंगी। उल्लेखनीय है कि ये परियोजनाएं बुनियादी ढांचे के विकास, जनजातीय विकास, पेयजल, स्वास्थ्य, खेल और सुरक्षा से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं एक आधुनिक और समावेशी मणिपुर बनाने में मदद करेंगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि खेल परियोजनाओं से रोजगार पैदा होगा और हथकरघा परियोजनाएं लोगों के जीवन को बदल देंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें मणिपुर के लोगों का हिंंसा के कारण हुए दर्द का एहसास है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मणिपुर के लोगों की देखभाल करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार सद्भाव को मजबूत करने, सुरक्षा सुनिश्चित करने और मणिपुर को समृद्धि की ओर उसकी यात्रा में समर्थन देने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के बीच घनिष्ठ समन्वय और लोगों की कड़ी मेहनत के कारण राज्य के हर कोने में समान विकास देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि वह मणिपुर में अपने प्रवास के दौरान आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से मिलेंगी और बातचीत करेंगी। मणिपुर दक्षिण पूर्व एशिया का प्रवेशद्वार है और अपनी प्राकृतिक सुंदरता, आत्मनिर्भरता और महिला सशक्तिकरण के लिए जाना जाता है।

इससे पहले सुश्री मुर्मु के आज दोपहर यहां पहुंचने पर मणिपुर के राज्यपाल एके भल्ला ने उनका स्वागत किया और मणिपुर महिला पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया।

Next Post

एफसीआई विभाग के कलर्क मीना की चार करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

Thu Dec 11 , 2025
भोपाल। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एफसीआई विभाग के कलर्क किशोर मीना की चार करोड़ से अधिक की संपत्ति को जब्त किया है. मीना पर लगभग 4.05 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने का आरोप है. ईड़ी की जांच के दौरान यह पता चला कि किशोर मीना ने अवैध धन […]

You May Like