
*परिजनों ने सिविल सर्जन पर लगाया हमला कराने का आरोप*
मुरैना। मुरैना में पार्क में वॉक के लिए गए कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री पर ब्लैक स्कॉर्पियो में सवार होकर आए अज्ञात बदमाशों ने हमला बोल दिया. हमले के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर हालत में कांग्रेस नेता को फौरन इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया. उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित शहीद स्मारक का है.
कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश महामंत्री राकेश परमार वॉक से लौट रहे थे. इसी दौरान आधा दर्जन के करीब बदमाश स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए. अचानक उन्होंने कांग्रेस नेता राकेश परमार पर लाठी डंडों से हमला बोल दिया. इसका एक वीडियो भी सामने आया है.
वायरल वीडियो में कांग्रेस नेता को सड़क पर डालकर लाठी डंडों से मारपीट करते हुए बदमाश नजर आ रहे हैं. घटना के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए. उधर सूचना के बाद मौके पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है. घायल कांग्रेस नेता राकेश परमार को जिला अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया है. बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता के पैर में फैक्चर है और हाथ और सिर में धारदार हथियार से बार किया है. उधर कांग्रेस नेता राकेश परमार के भाई का कहना है कि 2 दिन पहले सिविल सर्जन की मेरे भाई ने शिकायत की थी. इस बात को लेकर सिविल सर्जन ने हमला कराया है. क्योंकि पहले जिन लोगों से विवाद हुआ था उन लोगों पर 307 की एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन सिविल सर्जन ने मेडिकल रिपोर्ट में फेरबदल करके उनको बचाया था.
उधर पुलिस का कहना है कि कांग्रेस नेता की सरेराह कुछ बदमाशों ने मारपीट की है. उस मामले में पर वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. जल्दी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. कांग्रेस नेता की कुछ गांव के लोगों से भी पुरानी रंजिश थी और पूछताछ की जा रही है. पीड़ित पक्ष के बयान के आधार पर मामले की तह तक पहुंच कर कार्रवाई की जाएगी.
