
*पुण्यकारी संयोग में मनाई वट सावित्री अमावस्या*
ग्वालियर। पुण्यकारी संयोग में सोमवार को वट सावित्री अमावस्या मनाई गई। अखंड सौभाग्य की कामना के लिए सुहागिन महिलाओं ने व्रत रखा और वट वृक्ष की पूजा की।
मॉडल टाउन स्थित शिव शक्ति धाम में श्री परशुराम सर्व ब्राहृाण संघ की राष्ट्रीय महामंत्री मधु भार्गव के संयोजन में बड़ी संख्या में महिलाएं एकत्रित हुईं। उन्होंने सबसे पहले वट वृक्ष की सात परिक्रमा लगाई, फिर जल अर्पण और कच्चा धागा बांधा। इसके बाद सावित्री-सत्यवान की कथा का श्रवण भी किया। इस मौके पर सीमा तिवारी, रीना भदौरिया, रमा राठौर, शालू दांतरे, ज्योति शर्मा, प्रियंका शर्मा, गीता शर्मा, साधना भार्गव, शिवानी भार्गव, जूली राठौर, अंजू शर्मा आदि महिलाएं मौजूद रहीं। पौराणिक मान्यता के अनुसार वट वृक्ष में ब्रहृाा, विष्णु और महेश का वास होता है। सावित्री ने अपने पति के प्राण बचाने के लिए सबसे पहले यह व्रत किया था। यमराज ने प्रसन्न होकर उसके पति को जीवनदान दिया। ऐसा मानना है कि जिनते पुराने वट वृक्ष की पूजा की जाती है, पति की आयु उतनी ही बढ़ती है।
तिथि अनुसार की पूजा
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार अमावस्या तिथि सोमवार को दोपहर 12:11 बजे से प्रारंभ हुई। यह मंगलवार को सुबह 8:31 तक रहेगी। वट सावित्री पूजा मध्यान्ह व्यापिनी पूजा है, इसलिए अधिकांश महिलाओं ने सोमवार को ही मनाई।
