प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ किया जाए परीक्षण: विकास

सीधी : आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने और प्रशासन को ग्रामीणों के और करीब पहुंचाने की पहल के तहत मंगलवार को जनपद पंचायत रामपुर नैकिन के सभागार में खण्डस्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई।कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनसुनवाई में उपस्थित होकर 60 से अधिक आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों की जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवेदनों की स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण किया जाए। पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आवेदकों को की गई कार्रवाई की जानकारी देने के निर्देश भी दिए। आयोजित जनसुनवाई में एसडीएम अजय शर्मा, सीईओ जपं हरीश केशरवानी, नायब तहसीलदार आशीष मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रशासन स्वयं पहुंच रहा ग्रामीणों के बीच

कलेक्टर विकास मिश्रा की पहल पर अब प्रत्येक मंगलवार जिले के अलग-अलग विकासखंडों में खण्डस्तरीय जनसुनवाई आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से जिला प्रशासन स्वयं ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रहा है। इस व्यवस्था का प्रमुख उद्देश्य दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों के लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के लिए जिला मुख्यालय तक आने-जाने की परेशानी से राहत दिलाना है। इस पहल से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होने के साथ ही विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी सुनिश्चित हो रही है।

जिपं सीईओ ने 154 आवेदकों की सुनी समस्याएं

जिला पंचायत सीईओ सौम्या आनंद ने मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे 154 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी शिकायतों एवं समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों से आवेदनों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सीईओ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर नियमानुसार त्वरित निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से समय-सीमा निर्धारित आवेदनों को प्राथमिकता से निराकृत करने तथा की गई कार्रवाई से संबंधित आवेदकों को अनिवार्य रूप से अवगत कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर स्वर्णा दीवान सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Next Post

EPS-95 हायर पेंशन पर PMO सक्रिय, 15 लाख से ज्यादा आवेदनों का क्या होगा? 19 नवंबर की EPFO बैठक पर नजर

Wed Nov 18 , 2026
मुंबई, नवंबर 2022 में सुप्रीम कोर्ट ने वास्तविक वेतन के आधार पर ज्यादा पेंशन योगदान का विकल्प दिया था, लेकिन दस्तावेजों की जांच, नियोक्ता की पुष्टि के चलते हजारों आवेदन अटके रहे। कर्मचारी पेंशन योजना यानी ईपीएस-95 के तहत हायर पेंशन के लंबित मामलों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की सक्रियता […]

You May Like