नयी दिल्ली, (वार्ता) संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह तेल औद्योगिक क्षेत्र को निशाना बनाकर सोमवार को किए गए एक ड्रोन हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए।
अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने कहा कि वह प्रभावित लोगों की सहायता के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है।
दूतावास ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “फुजैराह में आज हुए हमलों में तीन भारतीय नागरिक घायल हो गए हैं। हम प्रभावित भारतीय नागरिकों को उचित चिकित्सा देखभाल और सहायता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।”
यूएई ने कहा कि इस ताज़ा हमले में ईरान ने चार क्रूज़ मिसाइलें दागीं।
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, तीन मिसाइलों को हवाई रक्षा प्रणालियों द्वारा रोक लिया गया जबकि चौथी मिसाइल समुद्र में जा गिरी। उन्होंने कहा कि एक ड्रोन हमले के कारण फुजैराह तेल उद्योग क्षेत्र में आग लग गई। यह क्षेत्र यूएई के ऊर्जा निर्यात के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र है।
अधिकारियों ने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए बचाव दलों को तैनात किया गया था और घायल व्यक्तियों को मामूली चोटों के साथ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फुजैराह का रणनीतिक महत्व है क्योंकि यह यूएई को होर्मुज़ जलडमरूमध्य से गुज़रे बिना ओमान की खाड़ी के रास्ते तेल निर्यात करने की सुविधा प्रदान करता है।
यूएई के विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए इसे स्थिति को गंभीर रूप से बिगाड़ने वाला कदम बताया। मंत्रालय ने कहा कि ये हमले एक खतरनाक तनाव वृद्धि और एक अस्वीकार्य अतिक्रमण का संकेत हैं।
मंत्रालय ने कहा कि यूएई इन विश्वासघाती हमलों और उनके परिणामों के लिए ईरान को पूरी तरह से ज़िम्मेदार मानता है, और साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि उसके पास जवाबी कार्रवाई करने का “पूर्ण और वैध अधिकार” सुरक्षित है।
