गोयल ने रोम में इटली की कई प्रमुख कंपनियों के साथ निवेश के बारे में चर्चा की

नयी दिल्ली, 18 नवंबर (वार्ता) वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने इटली यात्रा के दौरान वहां के प्रमुख कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ रोम में बैठकें कीं और उनके साथ निवेश के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चाएं कीं।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार ये बैठकें मंगलवार को हुईं। श्री गोयल ने वहां वाल्टर टोस्टो के प्रबंध निदेशक लुका टोस्टो, नॉर्डइम्पियान्टी सिस्टम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जियान पिएरो गैग्लियार्डी, एटिटेक के चेयरमैन जियानी लेटिएरी, मैगाल्डी ग्रीन एनर्जी की प्रबंध निदेशक लेटिज़िया मैगाल्डी, और ब्रैको इमेजिंग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी फुल्वियो रेनोल्डी ब्रैको से मुलाकात की।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन कंपनियों के साथ चर्चाओं में भारत में इतालवी निवेश बढ़ाने, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और भारतीय साझेदारों के साथ संयुक्त उद्यम स्थापित करने पर मुख्य रूप से ध्यान केंद्रित किया गया। इन कंपनियों ने अपनी तकनीक को भारत लाने और विनिर्माण, विमान रखरखाव, थर्मल एनर्जी स्टोरेज तथा फार्मास्युटिकल सामग्री जैसे क्षेत्रों में भारतीय उद्योग के साथ मिलकर काम करने में रुचि दिखाई।

ये बैठकें ऐसे समय में हुई हैं जब भारत और इटली ‘विशेष रणनीतिक साझेदारी’ को आगे बढ़ा रहे हैं और 2029 तक 20 अरब यूरो के वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

 

Next Post

न्यूजीलैंड के खिलाफ पांचवें वनडे में धीमी ओवर गति के लिए भारत पर लगा जुर्माना

Wed Nov 18 , 2026
दुबई, 18 नवंबर (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के पांचवें वनडे के दौरान धीमी ओवर गति के लिए भारत पर मैच फीस का 35 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में, भारतीय टीम समय की छूट के बावजूद निर्धारित समय से सात […]

You May Like