सोल , 22 अप्रैल (वार्ता) दक्षिण कोरिया ने फ्लोरिडा स्थित अमेरिकी अंतरिक्ष अड्डे से अपने पांच सैन्य टोही उपग्रहों में से चौथे को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया है।
देश के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
इस उपग्रह को सोमवार को केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन से स्पेसएक्स फाल्कन 09 रॉकेट पर प्रक्षेपित किया गया। रॉकेट ने उड़ान भरने के 15 मिनट बाद उपग्रह को कक्षा में स्थापित कर दिया। बाद में उपग्रह ने एक ग्राउंड स्टेशन से संपर्क स्थापित किया।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, “चौथे सैन्य टोही उपग्रह के सफल प्रक्षेपण ने हमारे सशस्त्र बलों की स्वतंत्र निगरानी और टोही क्षमताओं को और मजबूत किया है। तीन उपग्रहों के पिछले सफल प्रक्षेपणों के साथ दक्षिण कोरियाई सेना अब उन्हें एक समूह के रूप में संचालित कर सकती है, जिससे टोही पुनरीक्षण समय में काफी कमी आएगी।”
बयान में कहा गया है, “इससे उत्तर कोरिया द्वारा संभावित उकसावे का अधिक सटीक और समय पर पता लगाने में मदद मिलती है।”
दक्षिण कोरिया ने दिसंबर 2023 में पहला टोही उपग्रह प्रक्षेपित किया था, जो उच्च-रिज़ॉल्यूशन इमेजरी के लिए इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल और इन्फ्रारेड सेंसर से लैस है। यह देश इस साल के अंत में अपना पाँचवाँ उपग्रह प्रक्षेपित करने की योजना बना रहा है। इन सभी उपग्रहों के प्रक्षेपित हो जाने के बाद यह देश हर दो घंटे में उत्तर कोरियाई क्षेत्र की निगरानी करने में सक्षम हो जाएगा।
