
देवसर । लगातार बारिश के बीच ग्राम पंचायत अतरवा के ग्राम चकुआर में अतिवृष्टि से साकेत परिवार एवं खड़ौरा पंचायत में छ:-छ: मकान ढहने की सूचना पर जनपद पंचायत देवसर अध्यक्ष प्रणव पाठक मौके पर पहुंचे।
उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया और पीड़ि़त परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। मकान ढहने से प्रभावित परिवारों के सामने रहने और दैनिक जरूरतों की समस्या खड़ी हो गई है। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उन्हें सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया गया। साथ ही उनके लिए भोजन और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। जनपद अध्यक्ष ने मौके पर मौजूद तहसीलदार, पटवारी, सरपंच और सचिव से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि उनके सामने जीविको -पार्जन का संकट न खड़ा हो।
तत्काल मुआवजा राशि दिलाने की मांग
जनपद पंचायत देवसर क्षेत्र के खड़ौरा एवं चकुआर गांव के ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पानी की उचित निकासी नहीं होने के कारण बारिश का पानी जमा होने से मिट्टी के मकानों को नुकसान पहुंचा। ग्राम पंचायत खड़ौरा में प्रभावित परिवारों में बालक दास कोल पिता हीरालाल कोल, गोपाल दास कोल पिता हीरालाल कोल, राम लल्लू कोल पिता शिवबरन कोल, जय लाल कोल पिता मनदेय कोल, मेहदी हुसैन पिता समसुद्दीन तथा रामाश्रय द्विवेदी पिता गुलाब राम द्विवेदी के मकान शामिल बताए गए हैं। वहीं चकुआर में चन्द्र प्रताप साकेत, सम्पत साकेत, मुन्नी साकेत, शोभनाथ साकेत, बाबूलाल सहित एक अन्य परिवार का मकान अतिवृष्टि के चपेट में आने से जमीदोज हो गया है।
