आष्टा। नपा ने पानी की चोरी पूर्ण रूप से रोकने की ठान ली है. मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोदकुमार प्रजापति द्वारा सर्चिंग दल के साथ नाव के माध्यम से व पैदल पार्वती नदी के किनारे निरीक्षण किया गया.
मुख्य नगरपालिका अधिकारी विनोद कुमार प्रजापति ने बताया कि पार्वती नदी में संग्रहित जल आष्टा नगरवासियों के लिए सुरक्षित रह सकें. इसके लिए नपा की सर्चिंग टीम द्वारा दिन और रात दोनों समय पार्वती नदी किनारों की निगरानी रख रही है. साथ ही अवैध रूप से पानी की चोरी करने वालों पर सख्त कार्यवाही करते हुए विद्युत जल मोटर सहित अर्थदंड से दंडित करने की भी कार्यवाही की जा रही है. जप्त मोटरों को राजसात भी किया जाएगा. सीएमओ श्री प्रजापति ने कहा कि पार्वती नदी में संग्रहित जल को मार्च माह तक सुरक्षित रख सकें इस ओर पूरी मुस्तैदी से कार्य किया जा रहा है, ताकि नगरवासियों को ग्रीष्मकाल में पानी की किल्लत का सामना नही करना पड़े.प्रजापति ने बताया कि पार्वती नदी से सटे व किनारों पर बसे ग्रामों में नगरपालिका द्वारा मुनादी कराई जाएगी और मुनादी के माध्यम से ग्रामीणजनों से अपील की जाएगी कि नदी में अवैध रूप से विद्युत जल मोटर डालकर पानी की चोरी नही करें, अगर पानी की चोरी करते पाए गए तो नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी. सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति के नेतृत्व में आज किए गए सर्चिंग कार्य के दौरान नदी के किनारों पर ग्रामीणजनों के कुओं, तालाबों के समीप चेतावनी नोटिस भी चस्पा किए हैं.निरीक्षण के दौरान यह भी संज्ञान में आया कि ग्रामीणजन अपने खेतों में सिंचाई के लिए नदी में संग्रहित जल को जमीन में आड़ा कर अपने कुओं इत्यादि जल स्त्रोतों में समाहित कर खेतों में अवैध रूप से सिंचाई करते है. ऐसे सभी स्थानों को आज चिन्हित किया गया है.
ग्रामीणजनों द्वारा अवैध रूप से जल मोटर डालकर पानी चोरी के साथ-साथ पार्वती नदी से सटाकर एक कच्चे नाला बना लिया गया था, जिसके माध्यम से पानी की चोरी की जा रही थी। उक्त नाले को भी सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति द्वारा सर्चिंग दल की सहायता से बंद कराया गया. आज किए गए सर्चिंग कार्य में सीएमओ विनोदकुमार प्रजापति के साथ दरोगा राजेश घेंघट, पंप अटेंडेंट कैलाश बागवान, रमेश यादव, राकेश बागवान, अजय नाथ, कपिल वर्मा, श्याम यादव आदि शामिल थे.
