रसूखदार कारोबारी पर दुष्कर्म की एफआईआर

जबलपुर। घमापुर क्षेत्र में एक रसूखदार केक व्यापारी द्वारा शादी का झांसा देकर युवती को अपने जाल में फंसाया और लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया। इस मामले को लेकर मंगलवार रात घमापुर थाने में घंटों हंगामा चला, जहाँ राजनीतिक रसूख के दम पर मामले को दबाने की कोशिश भी की गई। हालांकि देर रात्रि एफआईआर दर्ज कर ली गई।

पुलिस के अनुसार, झामन दास चौक निवासी ललित कुंदवानी की घमापुर में केक की दुकान है। यहाँ काम करने वाली एक 25 वर्षीय तलाकशुदा महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ललित ने उसकी मजबूरी और नौकरी का फायदा उठाते हुए उसे अपने झांसे में लिया। पीड़िता ने बताया कि मार्च 2025 में आरोपी ने पहली बार उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद, आरोपी उसे शादी का लालच देकर लगातार घर, होटल और अन्य स्थानों पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो शादीशुदा ललित अपने वादे से मुकर गया और उसे डराने-धमकाने लगा।

मंगलवार रात जब पीड़िता अपनी शिकायत लेकर घमापुर थाने पहुँची, तो वहाँ भारी गहमागहमी की स्थिति बन गई। महिला का गंभीर आरोप है कि एक राजनैतिक पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी ने उसे केस न दर्ज कराने की धमकी दी। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी थाने पहुँच गए थे और जमकर हंगामा किया। रसूखदारों के हस्तक्षेप के कारण पुलिस पर भी दबाव बनाने की कोशिश की गई।

देर रात तक चली खींचतान के बाद, पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज किए। घमापुर पुलिस ने आरोपी ललित कुंदवानी के खिलाफ दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब मामले की विस्तृत जाँच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Next Post

केकेआर पहली जीत की तलाश में

Wed Apr 8 , 2026
कोलकाता, 08 अप्रैल (वार्ता) इंडियन प्रीमियर लीग 2026 सीज़न में कोलकाता नाइट राइडर्स की पहली जीत की तलाश तब सबकी नजरों का केंद्र होगी, जब वे गुरुवार को ईडन गार्डन्स में लखनऊ सुपर जायंट्स की मेजबानी करेंगे। यह मुकाबला दोनों टीमों की अलग-अलग फॉर्म, खिलाड़ियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन और बढ़ते […]

You May Like