सतना : अभी छतरपुर में हुई फूड प्वाइजनिंग की घटना की दहशत कम भी नहीं होने पाई थी कि जिले के रामपुर बघेलान में भी एक ऐसा ही मामला सामने आ गया. फूड प्वाइजनिंग के शिकर एक ही परिवार के आधा दर्जन लोगों का उपचार मेडिकल कॉलेज रीवा में जारी है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र अ ंतर्गत लामी करही गांव के निवासी जितेंद्र दुबे के घर में गाय ने बछड़ा दिया था.
गाय द्वारा बछड़ा दिए जाने के बाद निकलने वाले पहले दूध यानी तेली का सेवन परिवार के सभी 6 सदस्यों ने किया. लेकिन कुछ देर बाद ही उल्टी-दस्त की वजहसे सभी की तबियत बिगडऩे लगी. जिसे देखते हुए सभी लोगों को उपचार के लिए रामपुर बघेलान स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर भर्ती कर सभी का उपचार शुरु हुआ.
लेकिन उनकी हालत में सुधार आता न देख उन्हें आगे के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर कर दिया गया. जहां पर उन्हें भर्ती कर उपचार शुरु किया गया. बताया गया कि 24 घंटे तक जारी रहे उपचार के बाद परिवार के सभी सदस्य खतरे से बाहर निकल आए. लेकिन इसके बावजूद भी उनके स्वास्थ्य की सतत निगरानी की जा रही है. वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा इस बात की जांच शुरु कर दी गई है कि परिजनों की हालत गंभीर होने के पीछे की वजह क्या थी.
