
कानपुर। कानपुर के घाटमपुर में सड़क हादसे में बाइक सवार 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वह अपने 16 वर्षीय बेटे के साथ घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा सुरक्षित बच गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस और एसीपी के समझाने के बाद जाम खुलवाया गया।
पूरा मामला सजेती थाना क्षेत्र के एनएच-35 पर रामपुर मोहटा रोड का है। रामपुर गांव निवासी रामकुमार पुत्र राजाराम अपने छोटे बेटे राजेश के साथ आनूपुर मोड़ से इलाज कराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहटा मोड़ के पास पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रामकुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा सुरक्षित रहा।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर लकड़ी की बल्लियां और सूखी कंटीली झाड़ियां डालकर आवागमन रोक दिया। सूचना पर पहुंची सजेती पुलिस ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे जाम खोलने को तैयार नहीं हुए।
इसके बाद घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को अज्ञात वाहन के खिलाफ तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कराने और सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से वाहन की पहचान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर भेज दिया। मृतक के परिवार में दो बेटे अनिल और राजेश तथा एक बेटी लक्ष्मी है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
