
झाबुआ. जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए करीब 28.82 लाख रुपये का माल जब्त किया है। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश एवं जिला आबकारी अधिकारी रविन्द्र मानिकपुरी के निर्देशन में 17 नवम्बर को आबकारी टीम ने रोड गश्त के दौरान देवझीरी की ओर से आ रहे वाहन क्रमांक MP09ZK8587 को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से विदेशी मदिरा किंगफिशर कैन बीयर की 40 पेटियां बरामद हुईं, जिनमें कुल 480 बल्क लीटर बीयर थी। आबकारी विभाग ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में मोहम्मद सुलेमान पिता मोहम्मद रफिक खान निवासी धार एवं गोपाल पिता अनिल मालवीय निवासी धार के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधित 2000) की धारा 34(1)(क), 34(2), 36 एवं 46 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य 1,82,400 रुपये और वाहन का मूल्य 27 लाख रुपये आंका गया है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी महादेव सोलंकी के मार्गदर्शन में उपनिरीक्षक अकलेश सोलंकी ने टीम के साथ की। विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रखने की बात कही है।
