
झाबुआ. बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बाल विवाह के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया, कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट एवं पुलिस अधीक्षक श्री देवेन्द्र पाटीदार ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रथ को रवाना किया।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। बाल विवाह मुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को जन-आंदोलन का रूप देने के लिए प्रदेशभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। केन्द्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के निर्देशानुसार 21 अक्टूबर से 21 दिसंबर 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
जागरूकता रथ जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधान, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, बाल विवाह के दुष्परिणाम और बच्चों के अधिकारों की जानकारी लोगों तक पहुंचाएगा। कलेक्टर के निर्देशन में जिले की छह परियोजनाओं के विभिन्न गांवों, हाट बाजारों एवं सामुदायिक कार्यक्रमों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री मोनिका बघेल, सहायक संचालक श्रीमती वर्षा चौहान सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
