
इंदौर. नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए लसूड़िया पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने पहले एक आरोपी को 12.07 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा. उससे पूछताछ और बैक ट्रेसिंग में उसके सप्लायर का नाम सामने आने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस ने गुलमोहर रिसॉर्ट कॉलोनी, निपानिया के पास एक खाली प्लॉट के आसपास संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर लक्की ठाकुर उम्र 24 साल निवासी गणेश नगर, एमआईजी को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से 12.07 ग्राम एमडी ड्रग्स और एक एप्पल मोबाइल मिला. पूछताछ में उसने ड्रग्स खजराना निवासी फरान उर्फ अरशद खान उम्र 19 साल से लेना बताया. इसके आधार पर पुलिस ने फरान को भी गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है. अब पुलिस ड्रग्स के स्रोत और तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है. एडीसीपी अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. बैक ट्रेसिंग के जरिए सप्लायर तक पहुंचकर उसे भी गिरफ्तार किया है. दोनों आरोपियों से ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
