
आलीराजपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए दो प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण को लोक निर्माण विभाग से प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। दोनों परियोजनाओं पर कुल 68 करोड़ 16 लाख 32 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोविंदा गुप्ता ने बताया कि लोक निर्माण विभाग की स्थायी वित्तीय समिति की 310वीं बैठक में प्रदेश के 65 कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें आलीराजपुर जिले के दो मार्ग शामिल हैं।
पहली परियोजना में आलीराजपुर से रॉक्सा-कवठु-खंडाला मार्ग के 11.80 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए 36 करोड़ 27 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं। वहीं दूसरी परियोजना में वालपुर-कुलवट-छोटी हथवी-उन्हाला-बोडगांव मार्ग के 12.01 किलोमीटर हिस्से के चौड़ीकरण के लिए 31 करोड़ 89 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
इन मार्गों के चौड़ीकरण से वर्तमान सिंगल पट्टी सड़कें डबल पट्टी में परिवर्तित होंगी। इससे आसपास के गांवों के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही समय और ईंधन की बचत होगी तथा क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इन परियोजनाओं की स्वीकृति पर कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनिता चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल सहित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह के प्रति भी आभार जताया।
