
कानपुर। पटकापुर अपार्टमेंट अग्निकांड में दो लोगों की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मृतक 16 वर्षीय छात्र प्रांजल बाथम के पिता अनिल बाथम की तहरीर पर बिल्डर, पूर्व पार्षद और जमीन मालिक समेत पांच लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। मुकदमा फीलखाना थाने में दर्ज हुआ है।
पुलिस ने बिल्डर मोहित तिवारी, प्यारे खान, सफीक, पूर्व पार्षद एवं हिस्ट्रीशीटर मन्नू रहमान और जमीन मालिक सरबजीत कौर को आरोपी बनाया है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105, 106(1), 318(4), 61, 125 और 351 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फ्लैट बेचते समय बिल्डिंग में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम कराने का भरोसा दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद जरूरी फायर सेफ्टी व्यवस्था नहीं की गई। इसी लापरवाही को हादसे की वजह से जोड़ते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
गौरतलब है कि 16 नवंबर को तड़के अपार्टमेंट में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र प्रांजल बाथम और एक महिला की मौत हो गई थी। प्रांजल की मां भी आग में गंभीर रूप से झुलस गई थीं और उनका उर्सला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडे के मुताबिक, मृतक के पिता की शिकायत पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जा रही है।
