ग्वालियर। मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आज यहां कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया। इस अवसर पर प्रेस से चर्चा में उन्होंने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और विधायकों के बयानों पर पार्टी का पक्ष रखा।
सिंघार ने कहा कि देश के बुनियादी ढांचे, अस्पतालों और शिक्षण संस्थानों के निर्माण में कांग्रेस का ऐतिहासिक योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटका रही है। गांधी सागर में होने वाली कैबिनेट बैठक पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि अलग-अलग जगहों पर बैठकें करने के बजाय सरकार को खेतों में जाकर किसानों की खाद की समस्या का समाधान करना चाहिए।
उन्होंने प्रदेश में खाली पड़े पदों, आउटसोर्स भर्तियों, शिक्षकों की मांगों और नर्सिंग से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए युवाओं के रोजगार पर चिंता जताई। सिंघार ने सात करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में विधानसभा का पांच दिन का सत्र भी अपर्याप्त बताया। उमंग सिंघार ने मंगलवार को ग्वालियर पहुंचने के बाद जैन छात्रावास में कांग्रेस के ‘संगठन सृजन’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
आदिवासी समाज से जुड़े बयानों पर सिंघार ने कहा कि भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य और कांग्रेस विधायक फुंदेलाल मार्को के बयान उनके व्यक्तिगत विचार हैं। इन्हें पार्टी की आधिकारिक लाइन नहीं माना जाना चाहिए।
उन्होंने आरएसएस और भाजपा पर निशाना साधते हुए दलितों और आदिवासियों के प्रतिनिधित्व का मुद्दा भी उठाया। जनता का समर्थन कांग्रेस के साथ… आगामी चुनावों को लेकर सिंघार ने कहा कि कांग्रेस 2028 के विधानसभा चुनाव के लिए पूरी तरह तैयार है और जनता का समर्थन उसके साथ है। उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)का मुद्दा उठाते हुए चुनाव आयोग से मतदाता सूची फोटो सहित ऑनलाइन सार्वजनिक करने और राजनीतिक दलों को अंतिम पूरक सूची की प्रतियां उपलब्ध कराने की मांग की।
