
जबलपुर। शहर में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर हो रही लगातार बारिश के चलते मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। कोतवाली थाना क्षेत्र के सबसे व्यस्त व्यवसायिक इलाके बड़ा फुहारा में एक बेहद पुरानी और जर्जर तीन मंजिला बिल्डिंग अचानक भरभराकर जमींदोज हो गई। इमारत के गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई और धूल का गुबार छा गया। मलबे की चपेट में आने से फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फिलहाल सर्चिंग चल रही है इसके बाद ही पता चल सकेगा कि कोई दबा है या नहीं।
धमाके के साथ गिरी इमारत
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अचानक तेज आवाज के साथ बिल्डिंग का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। चूंकि यह क्षेत्र बेहद संकरा और व्यस्त बाजार है, इसलिए घटना के वक्त वहां काफी चहल-पहल थी।
मौके पर पहुंचा भारी अमला, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को बैरिकेड्स लगाकर सील कर दिया है और बिजली सप्लाई काट दी गई है। नगर निगम की जेसीबी मशीनें मौके पर पहुंच चुकी हैं और तेजी से मलबा हटाने का काम शुरू कर दिया गया है। शुरुआती तौर पर किसी के भी मलबे में दबे होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर पूरे मलबे को पूरी तरह साफ किया जा रहा है।
