शिवपुरी। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का शिवपुरी में एक अलग अंदाज देखने को मिला। नक्षत्र गार्डन में आयोजित युवा संवाद एवं भजन क्लबिंग कार्यक्रम में सिंधिया ने प्रसिद्ध भजन गायक साधु तिवारी के साथ भजनों पर सुर मिलाए। दोनों की जुगलबंदी ने कार्यक्रम में मौजूद युवाओं और दर्शकों का ध्यान खींचा।
कार्यक्रम में ग्वालियर के प्रसिद्ध कलाकार साधु तिवारी ने शिव भजनों की प्रस्तुति दी। उन्होंने ‘आवागमन मिटा दो भोले शंकर’ और ‘पार्वती-पार्वती, समझाने आए सप्तर्षि’ जैसे भजनों से माहौल भक्तिमय कर दिया। इस दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया भी खुद को रोक नहीं पाए और साधु तिवारी के साथ सुर मिलाते नजर आए।
भजन क्लबिंग के साथ आयोजित युवा संवाद में सिंधिया ने युवाओं से खुलकर बातचीत की। उन्होंने जेन-जी और जेन-अल्फा पीढ़ी के युवाओं के विचारों, आकांक्षाओं और भविष्य की योजनाओं को समझा। युवाओं ने भी अपने सवाल रखे, जिनका सिंधिया ने जवाब दिया। कार्यक्रम में आधुनिक संगीत और भारतीय आध्यात्मिक संस्कृति का अनूठा मेल देखने को मिला।
