सतना : नशीली कफ सीरप की धरपकड़ के लिए औषधि निरीक्षक और पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई जांच में बिना लइसेंस संचालित एक मेडिकल स्टोर को बंद कराने की कार्रवाई की गई.औषधि निरीक्षक प्रियंका चौबे और कोतवाली मैहर की पुलिस टीम ने शहर और देहात क्षेत्र में संचालित मेडिकल स्टोर की जांच की. इस दौरान विशाल मेडिकल स्टोर, जय भोले मेडिकल स्टोर और सिटी मेडिकल स्टोर की जांच की गई. जांच के दौरान नार्कोटिक्स श्रेणी की दवाईयों की खरीद बिक्री से संबंधित दस्तावेज खंगाले गए.
जांच के दौरान विशाल और जय भोले मेडिकल स्टोर के पास औषधि विक्रय लाइसेंस तो मिला. लेकिन ग्राम डेल्हा में संचालित सिटी मेडिकल स्टोर का संचालक औषधि विक्रय का लाइसेंस मौके पर प्रस्तुत नहीं कर सका. जिसे देखते हुए औषधि एवं सौंदर्य सामग्री अधिनियम 1940 की धारा के अंतर्गत विक्रय रोकने का आदेश देते हुए दुकान को बंद करा दिया गया. औषधि निरीक्षक के अनुसार अनियमितताओं के लिए अग्रिम कार्रवाई के तौर पर कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा. प्राप्त जवाब के आधार पर आगे निलंबन अथवा निरस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी.
