देपालपुर: क्षेत्र के ग्राम बरोदा पंथ, हरनासा, जलौदिया पंथ, खड़ी, नाद्रा सहित आसपास के कई गांवों में कृषि सिंचाई के लिए बिजली सप्लाई के समय में परिवर्तन की मांग जोर पकड़ रही है. भारतीय किसान एवं मजदूर सेना के प्रदेश सचिव चन्दन सिंह बड़वाया के नेतृत्व में किसानों ने बिजली विभाग से कृषि कार्यों की सुविधा के अनुसार बिजली आपूर्ति का समय निर्धारित करने की मांग की है.
उन्होंने बताया कि छह दिन पहले भी किसानों द्वारा बिजली सप्लाई के समय में परिवर्तन को लेकर आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. ग्राम बरोदा पंथ के किसान चन्दन सिंह बड़वाया, सुभम पटेल, जीवन डौढ़, हरनासा के पूर्व सरपंच जीतू पटेल, खड़ी के प्रकाश पटेल, मोहन पंवार, जलोदिया पंथ के लाखन सरपंच और नादरा के सरपंच राजेंद्र, सरपंच सुभाष चौधरी, हुकम पटेल, रामप्रसाद बहादुर सरपंच ने बताया कि पूरे क्षेत्र के किसान इस समस्या से परेशान हैं. किसानों का कहना है कि वर्तमान में मिलने वाली लगातार 10 घंटे की बिजली का समय खेती और सिंचाई की जरूरतों के अनुकूल नहीं है. इसके कारण किसानों को असुविधाजनक समय पर खेतों में सिंचाई करने के लिए मजबूर होना पड़ता है. उन्होंने बिजली आपूर्ति का समय तत्काल बदलकर सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक करने की मांग की है.
आश्वासन नहीं, समस्या का ठोस समाधान चाहते हैं किसान
संगठन का कहना है कि जब किसान समय पर सिंचाई नहीं कर पाएगा तो फसलों की पैदावार प्रभावित होना स्वाभाविक है. बिजली विभाग को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए केवल आवेदन लेने की औपचारिकता नहीं निभानी चाहिए, बल्कि समयबद्ध समाधान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसान अब आश्वासन नहीं, बल्कि अपनी समस्या का ठोस समाधान चाहते हैं. संगठन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि बिजली विभाग ने शीघ्र ही बिजली सप्लाई का समय किसानों की मांग के अनुसार नहीं बदला तो नाद्रा सहित आसपास के गांवों के किसान आंदोलन को बाध्य होंगे.
