इंदौर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को क्लर्क कॉलोनी स्थित दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि सुधासागर महाराज के सानिध्य में आयोजित जिज्ञासा समाधान कार्यक्रम में शामिल होकर उनका आशीर्वाद लिया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि संत समाज को सही दिशा देने के साथ लोगों को सद्कर्म, संस्कार और सेवा का मार्ग दिखाते हैं. संतों की वाणी सुनना सौभाग्य की बात है. इससे मन और विचारों की शुद्धि होती है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के सिद्धांतों पर चलकर जैन समाज ने समृद्धि और विशिष्ट पहचान बनाई है. मुनि सुधासागर महाराज लोगों को सद्कर्मों की प्रेरणा देकर संस्कारित कर रहे हैं. समाज को व्यसनों से दूर रहकर अच्छे कार्यों से जुड़ना चाहिए. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गौपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. गौपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ दूध उत्पादन बढ़ाने की दिशा में काम किया जा रहा है. आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति को विस्तार देने के लिए प्रदेश में आयुर्वेद कॉलेज और चिकित्सालयों की संख्या भी बढ़ाई जा रही है. कार्यक्रम में मुनि सुधासागर महाराज ने कहा कि भारत की पहचान सभी धर्मों और संप्रदायों के सम्मान से है। यहां गौपालन की परंपरा भी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री ने मुनि सुधासागर महाराज का आशीर्वाद लिया। संत ने उन्हें अभिमंत्रित कलश भेंट किया। इस अवसर पर विधायक रमेश मेंदोला, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित जैन समाज के संत, समाजजन और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
