इंदौर:इंदौर के ऐतिहासिक यशवंत क्लब में आयोजित वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुभारंभ किया. इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में दुनिया के 32 से अधिक देशों के 150 से ज्यादा खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. तीन दिवसीय इस आयोजन में देश-विदेश के दिग्गज स्नूकर खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे.
शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने, खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। हमारा प्रयास है कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाएं. डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई पहचान और नई ऊंचाइयां मिल रही हैं. ओलंपिक, एशियाई खेल और राष्ट्रमंडल खेलों सहित विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है. उन्होंने कहा कि जब देश में खेलों को इतना महत्व दिया जा रहा है, तो मध्यप्रदेश भी पीछे नहीं रहेगा. प्रदेश सरकार प्रत्येक खेल को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.
यशवंत क्लब की अपनी ऐतिहासिक विरासत
मुख्यमंत्री ने कहा कि इंदौर में वर्ल्ड स्नूकर चैंपियनशिप का आयोजन मध्यप्रदेश के लिए गौरव का विषय है. ईरान सहित दुनिया के विभिन्न देशों से आए खिलाड़ियों और अतिथियों का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि इंदौर अपनी स्वच्छता, विकास, संस्कार और अतिथि सत्कार के लिए देश-दुनिया में विशेष पहचान रखता है. यशवंत क्लब की अपनी गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत है. महाराजा श्रीमंत यशवंतराव होलकर द्वारा स्थापित इस संस्था ने वर्षों से खेल और सामाजिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
स्नूकर के 100 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई
मुख्यमंत्री ने क्यू स्पोर्ट्स के सौ वर्ष पूरे होने के अवसर पर क्यू स्पोर्ट्स फेडरेशन, उससे जुड़े पदाधिकारियों, खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन मध्यप्रदेश को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान दिलाने के साथ ही प्रदेश के युवाओं को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेंगे. इस अवसर पर उन्होंने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों और पद्म सम्मान से अलंकृत खेल हस्तियों का अभिनंदन किया. विशेष रूप से पंकज आडवाणी जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और प्रतिभा से पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ाया है.
