त्रिपुरा में औद्योगिक क्षेत्रों का ढांचा मज़बूत करने को एडीबी से 975.26 करोड़ रुपये का ऋण

अगरतला, 23 जुलाई (वार्ता) एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने त्रिपुरा के नौ औद्योगिक क्षेत्रों में औद्योगिक बुनियादी ढाँचा मज़बूत करने के लिए 975.26 करोड़ रुपये का ऋण स्वीकृत किया है, जिससे निवेश आकर्षित होने की उम्मीद है।
त्रिपुरा औद्योगिक विकास निगम (टीआईडीसी) के अध्यक्ष नबादल बानिक ने कहा कि एडीबी के धन का उपयोग नए औद्योगिक शेड, बिजली सबस्टेशन, भूमिगत बिजली लाइनें, अग्निशमन केंद्र और औद्योगिक क्षेत्रों में 34 सड़कों के निर्माण के साथ-साथ मौजूदा बुनियादी ढाँचे के नवीनीकरण और उन्नयन पर किया जाएगा।
श्री बानिक ने कहा कि मौजूदा क्षेत्रों में बुनियादी ढांचा बहुत पुराना है और कमजोर हो चुका है। एडीबी की सहायता से इन क्षेत्रों में विश्व स्तरीय बुनियादी ढाँचा विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने दो नए औद्योगिक केंद्रों के लिए भी ज़मीन आवंटित की है। इनमें दक्षिण त्रिपुरा के शांतिरबाज़ार में 127 एकड़ और उनाकोटी ज़िले के फटीक्रोय में 28 एकड़ में नए औद्योगिक केंद्र विकसित किए जाने हैं।
उन्होंने बताया कि बेकार पड़ी संपत्तियों के बेहतर उपयोग के लिए, टीआईडीसी ने 24 निष्क्रिय औद्योगिक इकाइयों से 28 एकड़ ज़मीन वापस ले ली है। इस ज़मीन का इस्तेमाल राज्य में निवेश करने के इच्छुक उभरते उद्यमियों के लिए किया जाएगा।
श्री बानिक ने बताया कि राज्य में त्रिपुरा के प्लाइवुड उद्योग को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल की जा रही है, जिसमें दो मौजूदा प्लाइवुड इकाइयों को जोड़ा जाएगा और सात अन्य प्लाइवुड इकाइयों के निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग 10,000 हेक्टेयर पुराने रबर बागानों के पेड़ इस्तेमाल के लिए उपलब्ध होने के साथ, राज्य रबर की लकड़ी पर आधारित प्लाइवुड उत्पादन पर भी ध्यान केंद्रित कर रहा है।

Next Post

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को दिया पहले बल्लेबाजी का न्यौता

Wed Jul 23 , 2025
मैनचेस्टर, 23 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड ने बुधवार को चौथे टेस्ट मैच में बुधवार को टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। आज यहां इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। टॉस के बाद स्टोक्स ने कहा कि उन्होंने परिस्थितियों को […]

You May Like